Jhansi Crime News: उत्तर प्रदेश के झांसी में एक पिता ने अपने 3 साल के मासूम बेटे की गला रेतकर हत्या कर दी। फिर खुद भी सुसाइड कर लिया। बच्चा अपनी मां के पास सोया था। आरोपी पिता पड़ोसी की शादी से देर रात लौटकर आया। शराब के नशे में वह बच्चे को उठाकर कमरे में ले गया। कमरा बंद करके वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक, देर रात 2 बजे पत्नी जागी तो बच्चा गायब था। कमरा अंदर से बंद था। जब खिड़की से झांककर देखा तो बच्चे का शव नीचे पड़ा था और पति फंदे पर झूल रहा था। सूचना पर परिजन आ गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला रक्सा थाना क्षेत्र के ढिमरपुरा गांव का है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना स्थल पहुंचे सीओ सदर रामवीर सिंह ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम, रक्सा थाना प्रभारी निरीक्षक और फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने किसी तरह कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया। देखा कि प्रेम सिंह का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि उसका तीन वर्षीय मासूम बेटा खून से सना हुआ जमीन पर मृत अवस्था में पड़ा था।