KhabarFast

राजस्थान में दर्दनाक हादसा, चलती कार में आग लगने से चार लोगों की मौत

Shivani Jha | 28 May, 2026

Rajasthan News: राजस्थान के अजमेर जिले में गुरुवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। बोराड़ा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुरा गांव के पास चलती कार में अचानक आग लगने से चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। जानकारी के अनुसार, श्रीरामपुरा गांव निवासी पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी अपनी मां और जिला परिषद सदस्य पूसी देवी को सीने में दर्द की शिकायत के चलते अस्पताल ले जा रहे थे। सुबह करीब 5:30 बजे वे अपनी कार से घर से निकले थे। कार में उनके साथ उनकी पत्नी सुरज्ञान देवी और भांजी महिमा भी मौजूद थीं।

अचानक लगी कार में आग 

गांव से कुछ दूरी पर पहुंचते ही अचानक कार में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग के गोले में बदल गई। हादसा इतना भयानक था कि कार के दरवाजे भी जाम हो गए, जिससे अंदर बैठे लोग बाहर नहीं निकल पाए। इस दर्दनाक घटना में पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी, उनकी पत्नी सुरज्ञान देवी और भांजी महिमा की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। 

इलाज के दौरान  पूसी देवी की हुई मौत 

वहीं, कार में सवार रामसिंह चौधरी की मां पूसी देवी को किसी तरह स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक वे गंभीर रूप से झुलस चुकी थीं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के लोग भी गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

क्या थी आग लगने की वजह? 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह तकनीकी खराबी मानी जा रही है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। यह हादसा इतना दर्दनाक था कि जिसने भी इसके बारे में सुना, वह स्तब्ध रह गया। पूरे इलाके में शोक का माहौल है और प्रशासन ने मामले की गंभीरता से जांच के आदेश दिए हैं। 

Also read: आसाराम केस में नया मोड़! कोर्ट ने हटाए गैंगरेप के चार्ज, फिर भी जेल जाना तय; तुरंत सरेंडर का आदेश