Share Market Decline:भारतीय शेयर बाजार के लिए मंगलवार का दिन शुभ नहीं रहा है। मंगलवार यानी 7 अप्रैल को एक झटके में निवेशकों के 4 लाख करोड़ डूब गए। सेंसेक्स और निफ्टी लगभग एक फीसदी की गिरावट के साथ खुले। शुरुआत कारोबार में सेंसेक्स 73,326.61 और निफ्टी 22,771.75 पर कारोबार करता दिखा।
बड़े शेयरों के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी लगभग एक फीसदी गिरा। इस दौरान कुछ ही सेकंड में बीएसई में लिस्टेड कंपनियों की कुल वैल्यू 4.24 लाख करोड़ घट गई। जिसके कारण निवेशकों को 4 लाख करोड़ का नुकसान हुआ।
कई कंपनियों को भारी नुकसान
शेयर बाजार की शुरुआती गिरावट में सबसे ज्यादा घाटा इंडिगो, जोमाटो की पेरेंट कंपनी Eternal,Mahindra,स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, एक्सीस बैंक और एशियन पेंट्स को हुआ। जिनमें लगभग 3 फीसदी तक गिरावट देखी गई। हालांकि, इसके इतर बजाज फाइनेंस, टेक महींद्रा, एचसीएल टेक और आईटीसी हरे निशान में कारोबार करते नजर आए। एनएसई पर सेक्टोरल में निफ्टी आटो को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। शुरुआती दौरे में यह 2 फीसदी तक गिरा। इसके अलावा निफ्टी मेटल में उछाल देखा गया है।
शेयर बाजार में गिरावट होने के कारण
शेयर बाजार में गिरावट होने के कई कारण है। जिसमें ईरान को ट्रंप की धमकियां देना शामिल हैं। हालांकि, कल बाजार में तेजी आई थी क्योंकि खबर थी कि ईरान और अमेरिका के बीच समझौते की एक योजना चल रही है। जिससे होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही शुरू हो सकती है और व्यापार शुरू हो सकता है। इसके अलावा विदेशी निवेशक शेयर बाजार में बिकवाली कर रहे हैं। एनएसई के आंकड़ों के मुताबिक, वे लगातार 24 दिनों से शेयर बेच रहे हैं।