Amritsar News: पंजाब के अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जिसके तहत ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से भेजे जा रहे हथियारों के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कई पिस्तौल बरामद किए हैं।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह पूरी कार्रवाई मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के तहत चल रही मुहिम का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि ड्रोन के माध्यम से पाकिस्तान से हथियार भेजे जाते थे और सोशल मीडिया ऐप्स जैसे WhatsApp के जरिए उनकी डिलीवरी के लिए निर्देश दिए जाते थे।
आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मंगल सिंह मंगा (30 वर्ष), प्रणव शर्मा उर्फ लड्डू (24 वर्ष) और गौरव राणा (25 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इनमें से दो आरोपियों के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं, जबकि गौरव राणा के खिलाफ कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी पैसों के लालच में ड्रोन ड्रॉप के जरिए आए हथियारों को उठाते थे और आगे गैंगस्टरों या आतंकी मॉड्यूल तक सप्लाई करते थे। यह पूरा नेटवर्क विदेश में बैठे हैंडलरों से जुड़ा हुआ था।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इस मामले में और भी कड़ियां सामने आ रही हैं और पुलिस द्वारा फाइनेंशियल ट्रेल की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।