IMD Heatwave Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर भारत और मध्य भारत के कई राज्यों में लू की स्थिति को लेकर चेतावनी जारी की है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 42-44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत में अगले तीन दिनों (26 अप्रैल तक) लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है, जिसके बाद इसमें कमी आने की उम्मीद है। राजस्थान में लू सबसे लंबे समय तक (29 अप्रैल तक) जारी रह सकती है, जबकि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में 26-27 अप्रैल तक सतर्कता बरतनी होगी।
लू से हाल बेहाल
दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में लू की स्थिति 24-26 अप्रैल तक रह सकती है। दिन का तापमान 42-44°C तक जा सकता हैं। रातें भी गर्म रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में पहले से लू चल रही है। तो लहीं, पूर्वी हिस्सों में भी 26 अप्रैल तक इसका असर दिखेगा। इसके अलावा राजस्थान में 44.5°C तक तापमान दर्ज किया गया है। लू 23 से 29 अप्रैल तक संभावित है। मध्य प्रदेश में 23-27 अप्रैल तक लू की स्थिति बनी रहेगी। छत्तीसगढ़ में भी गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री ऊपर रह सकता है। सूखी हवाएं और तेज धूप लोगों को परेशान कर रही हैं।
कब मिलेगी राहत?
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 अप्रैल (रविवार) से कुछ राहत के आसार हैं। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें और तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा) आ सकती हैं, जो तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट ला सकती हैं। दूसरी तरफ, उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 28-30 अप्रैल के आसपास बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश और विदर्भ में 27-28 अप्रैल को वर्षा की संभावना है। तो वहीं, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में पहले से ही बारिश और आंधी चल रही है, जो वहां गर्मी से राहत दे रही है।