KhabarFast

होली से पहले सरकारी कर्मचारियों को राहत, छुट्टियों के साथ एडवांस वेतन का मिलेगा तोहफा

Parth Jha | 27 Feb, 2026

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के लाखों सरकारी कर्मचारियों, संविदाकर्मियों, आउटसोर्सिंग कर्मियों और पेंशनभोगियों को होली पर्व से पहले बड़ी खुशखबरी दी है। CM योगी के निर्देश पर फरवरी 2026का वेतन और पेंशन त्योहार से पहले ही जारी करने का आदेश दिया गया है। इसी के साथ होली के अवसर पर तीन दिनों की छुट्टी घोषित की गई है।

फरवरी माह का वेतन

वित्त विभाग द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार, होली की छुट्टियों (2मार्च को होलिका दहन और 4मार्च को रंग वाली होली) को देखते हुए फरवरी माह का वेतन, पेंशन और पारिवारिक पेंशन 28फरवरी 2026 (शनिवार) को ही आहरित एवं वितरित किया जाएगा। आमतौर पर यह भुगतान मार्च के पहले सप्ताह में होता है, लेकिन इस बार छुट्टियों के कारण इसे पहले कर दिया गया है ताकि कर्मचारी और पेंशनभोगी त्योहार की खरीदारी और अन्य जरूरतों में किसी असुविधा का सामना न करें।

यह फैसला राज्य के लगभग 35-38लाख कर्मचारियों (नियमित, संविदा, आउटसोर्सिंग, सफाईकर्मी आदि) और पेंशनधारकों को लाभ पहुंचाएगा। CM योगी ने साफ निर्देश दिए हैं कि वेतन भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागीय अधिकारियों, जिला मजिस्ट्रेटों और कोषाधिकारियों को इसकी सख्त अनुपालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।

होली पर 3दिनों की छुट्टी

इसके साथ ही होली के अवकाश की घोषणा भी की गई है। प्रदेश में होली का सार्वजनिक अवकाश 2, 3और 4मार्च 2026को रहेगा। 1मार्च रविवार होने के कारण कर्मचारियों को लगातार चार दिन (रविवार से बुधवार तक) की छुट्टी मिलेगी। हालांकि, 28फरवरी (शनिवार) को कार्यदिवस घोषित किया गया है, जिससे सभी सरकारी दफ्तर, स्कूल और कॉलेज खुले रहेंगे। 5मार्च से सामान्य कार्य शुरू हो जाएगा।

बता दें, यह फैसला कर्मचारियों के बीच काफी उत्साह पैदा कर रहा है। कई कर्मचारी संगठनों ने CM योगी का आभार जताया है कि उन्होंने त्योहार से पहले आर्थिक राहत प्रदान की। योगी सरकार ने पहले भी त्योहारों पर कर्मचारियों को समय पर वेतन और अन्य सुविधाएं देने का रिकॉर्ड बनाया है और इस बार भी होली को और रंगीन बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है।