Bandra Masjid Issue: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की ISI और मुंबई अंडरवर्ल्ड के बीच सक्रिय एक खतरनाक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया। जानकारी के अनुसार, इस मॉड्यूल ने बांद्रा के गरीब नगर इलाके में अवैध मस्जिद के ध्वस्तीकरण का बदला लेने के नाम पर लोगों को उकसाया था और मुंबई पुलिस और सुरक्षा बलों पर हमले की साजिश रची। इस मामले में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क का कनेक्शन सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि इस मामले में फिल्म 'धुरंधर' का कनेक्शन भी सामने आया है।
बांद्रा में क्या हुआ था?
दरअसल, 19 से 23 मई 2026 के बीच मुंबई महानगरपालिका ने बांद्रा स्टेशन के पास गरीब नगर इलाके में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। जिसमें कई अवैध ढांचे गिराए गए। इनमें एक मस्जिद भी शामिल थी। इस दौरान पथराव की घटनाएं भी हुईं, जिसमें कई लोग घायल हुए। जिस वजह से लोगों में गुस्सा भड़का।
दिल्ली पुलिस ने कैसे पकड़ा मॉड्यूल?
जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल को एक खुफिया सूचना मिली थी। जांच में सामने आया कि पाकिस्तान समर्थित ISI मॉड्यूल मुंबई में ग्रेनेड हमले, अंधाधुंध फायरिंग और कई बड़ी इमारतों को निशाना बनाने की तैयारी में थे। बताया जा रहा है कि गरीब नगर में जहां अतिक्रमण अभियान चलाया गया था, मॉड्यूल के सदस्यों ने वहां की रेकी की थी।
'धुरंधर' फिल्म का कनेक्शन?
सूत्रों के मुताबिक, फिल्म धुरंधर सीरीज में दाऊद इब्राहिम जैसे 'बड़े साहब' किरदार को कमजोर और अंतिम दौर में दिखाए जाने से डॉन और उसके नेटवर्क नाराज है। ऐसा माना जा रहा है कि फिल्म की सफलता के बाद डी-कंपनी ने मुंबई में अपने ग्राउंड नेटवर्क को फिर से सक्रिय किया।