KhabarFast

232 यात्रियों से भरे विमान में अचानक उठा धुआं, दिल्ली एयरपोर्ट पर टेकऑफ से पहले टला बड़ा हादसा

Nancy | 26 Apr, 2026

Delhi Airport Incident: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। दरअसल, ज्यूरिख जाने वाली स्विस एयर की फ्लाइट SWR146 (LX147) टेकऑफ के दौरान इंजन फेलियर के कारण रुक गई। अचानक विमान से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं, जिसके बाद पायलट ने तुरंत टेकऑफ रोक दिया और फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, विमान में कुल 245 लोग सवार थे, जिनमें 232 यात्री और 13 क्रू मेंबर शामिल थे। एयरपोर्ट अधिकारियों ने तुरंत इमरजेंसी स्लाइड्स के जरिए सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से निकाल लिया। इस दौरान 4 से 6 यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालांकि, किसी की जान को खतरा नहीं हुआ।

Also read: Delhi News: गर्मी से निपटने के लिए दिल्ली सरकार का एक्शन प्लान तैयार, CM रेखा गुप्ता ने दिए सख्त निर्देश

टेकऑफ से पहले लगी आग

फ्लाइट रनवे 28 पर टेकऑफ की तैयारी कर रही थी। टेकऑफ स्पीड बढ़ते ही लेफ्ट इंजन में समस्या आई, धुआं उठने लगा और राइट लैंडिंग गियर के पास आग की लपटें दिखाई दीं। पायलट ने तुरंत ब्रेक लगाए और विमान को रनवे पर रोक दिया। एयरपोर्ट फायर सर्विस की टीमों ने तुरंत पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। स्विस एयरलाइंस और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला। रनवे 28 कुछ देर के लिए बंद रहा, जिससे अन्य उड़ानों पर हल्का असर पड़ा, लेकिन बाद में सामान्य परिचालन बहाल कर दिया गया।

यात्री और अधिकारियों की प्रतिक्रिया

यात्रियों ने बताया कि टेकऑफ के दौरान अचानक जोरदार आवाज आई और धुआं दिखने लगा। क्रू मेंबर्स ने शांति बनाए रखते हुए सभी को इमरजेंसी प्रोटोकॉल के तहत निकाला। एक यात्री ने कहा 'हम सब डर गए थे, लेकिन क्रू और पायलट्स ने बहुत अच्छा काम किया।' तो वहीं, एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बयान जारी करते हुए कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और घटना की पूरी जांच की जा रही है। स्विस एयर ने भी यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है।