KhabarFast

Manipur Violence: मणिपुर में रॉकेट हमले में दो बच्चों की मौत, पूरे जिले में दहशत

Shivani Jha | 07 Apr, 2026

Manipur Violence: मणिपुर के विष्णुपुर जिले में मंगलवार, 7 अप्रैल की सुबह हिंसा की आग फिर भड़क गई। मोइरांग के ट्रांगलाओबी अवांग लेइकाई इलाके में रात करीब 1 बजे कुकी उग्रवादियों द्वारा दागे गए रॉकेट के हमले में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में 5 साल का एक लड़का और 5 महीने की बच्ची शामिल हैं। रॉकेट की चपेट में बच्चों की मां भी आ गई, जो गंभीर रूप से घायल हुईं और उन्हें तुरंत राज मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचने पर दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया और महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।

लोगों ने किया विरोध 

इस घटना के बाद पूरे विष्णुपुर जिले में तनाव फैल गया। स्थानीय लोग आक्रोशित हो कर सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति और भी गंभीर तब हुई जब मोइरांग में दो तेल टैंकर और चुराचंदपुर जा रहे माल से लदे एक ट्रक को आग के हवाले कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने मोइरांग पुलिस स्टेशन का घेराव कर दिया और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर स्टेशन के गेट के सामने टायर और मलबा जलाने वाले प्रदर्शनकारियों को काबू में करने की कोशिश की।

प्रशासन ने बढ़ाई सुरक्षा 

मौके पर पहुंचे मोइरांग विधायक थ. शांति सिंह ने इस हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह हमला किसी आम हिंसा का मामला नहीं, बल्कि आतंकवाद से कम नहीं है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई और सरकार से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। वहीं,  प्रभावित इलाके में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षाबलों को भारी संख्या में तैनात किया गया है। प्रशासन और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि आगे किसी और नुकसान या हिंसा को रोका जा सके। 

सामान्य जीवन हुआ प्रभावित 

स्थानीय लोग भय और आक्रोश के बीच जीवन यापन करने को मजबूर हैं। इस हमले ने इलाके में सामान्य जीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। स्कूल, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थान फिलहाल बंद हैं। राज्य प्रशासन ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही, यह घटना मणिपुर में उग्रवाद और हिंसा की समस्या की गंभीरता को फिर से सामने ला रही है।

यह हमला न सिर्फ विष्णुपुर जिले बल्कि पूरे राज्य में चिंता का विषय बन गया है। अब लोगों की निगाहें सरकार और सुरक्षा एजेंसियों पर हैं कि वे कैसे स्थिति को नियंत्रित करेंगे और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करेंगे। 

Also read: Aaj Ka Mausam: कहीं बारिश से मिली राहत, तो कहीं ओले और तेज आंधी का अलर्ट; दिल्ली-हरियाणा समेत इन राज्यों में बिगड़ेगा मौसम