Jharkhand News: झारखंड सरकार ने शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव में गृह विभाग, नगर विकास, खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित कई अहम विभागों में नए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। जारी आदेश के अनुसार शिशिर कुमार सिन्हा को विशेष सचिव, गृह विभाग बनाया गया है। वहीं राजेश कुमार पाठक को नगर विकास विभाग में निदेशक, शहरी प्रशासन की जिम्मेदारी दी गई है।
इन विभागों किया गया बदलाव
खेल, पर्यटन और माध्यमिक शिक्षा विभाग में भी बदलाव किया गया है। दिलीप कुमार टोप्पो को निदेशक, खेल विभाग बनाया गया है, जबकि सुनील कुमार को निदेशक, माध्यमिक शिक्षा नियुक्त किया गया है। पर्यटन विभाग में राहुल कुमार सिन्हा को निदेशक, पर्यटन और झारखंड टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें उसी विभाग में एमडी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
ये बने सीईओ
सूरज कुमार को झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी का सीईओ बनाया गया है। आदित्य कुमार आनंद को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का अभियान निदेशक नियुक्त किया गया है। जीशान कमर को झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगी परीक्षा बोर्ड का नियंत्रक परीक्षा बनाया गया है। चंदन कुमार को स्वास्थ्य विभाग में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
सात जिलों के DC का हुआ तबादला
इस प्रशासनिक फेरबदल में सात जिलों के जिलाधिकारियों (DC) का भी तबादला किया गया है। वाघमारे प्रसाद कृष्णा को लोहरदगा का डीसी बनाया गया है, जबकि रमेश गोरख को गढ़वा का डीसी नियुक्त किया गया है। नैंसी सहाय को हजारीबाग की जिलाधिकारी बनाया गया है और सुषांत गौरव को गुमला का डीसी बनाया गया है। जाधव विजय नारायण राव को पूर्वी सिंहभूम का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। आर रोनीता को सिमडेगा का डीसी बनाया गया है।
इन्हें बनाया गया जिलाधिकारी
इसके अलावा नमन प्रियेश लाकर को गिरिडीह का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं गरिमा सिंह को लोहरदगा में डीडीओ की जिम्मेदारी दी गई है। सरकार के इस बड़े प्रशासनिक बदलाव को राज्य में विभागीय कामकाज को और बेहतर बनाने के कदम के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों की नई तैनाती से कई विभागों में कामकाज की गति तेज होने की उम्मीद है।