KhabarFast

जम्मू के बंतलाब में बड़ा हादसा, 3 मजदूरों की मौत; उपमुख्यमंत्री ने उठाए सवाल

Parth Jha | 02 May, 2026

Jammu Incident: जम्मू के बाहरी इलाके बंतलाब के थथर क्षेत्र में शुक्रवार की शाम एक पुराने पुल का एक हिस्सा मरम्मत कार्य के दौरान अचानक ढह गया, जिससे तीन मजदूरों की मौत हो गई। हालांकि, मलबे के नीचे फंसे चार लोगों में से एक स्थानीय राजमिस्त्री को सुरक्षित निकाल लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत बचाव की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के मुताबिक, पिछले साल बाढ़ में पुल की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी। पुल पर दीवार की मरम्मत का काम चल रहा था। लेकिन इसी दौरान पुल का हिस्सा टूट गया और वहां मौजूद सभी मजदूर मलबे में दब गए। घटना की सूचना पुलिस और पुलिस राज्य आपदा मोचन बल (SDRF)और सेना की टीम मौके पहुंची और मजदूरों को बचाने में जुट गई, लेकिन हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई थी। जबकि एक मजदूर को जीवित बचा लिया गया है। 

हादसे पर डिप्टी सीएम ने जताया दुख

हादसे में जम्मू कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने दुख व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने शुक्रवार देर शाम करीब 11 बजे दुर्घटनास्थल का दौरा किया और तीनों शवों को बरामद किए जाने की पुष्टि की। इस घटना में तीन मजदूरों की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने बताया कि चार लोग मलबे में फंसे थे, जिनमें से एक को जीवित बचा लिया गया।

Also read: जम्मू के रामनगर में दर्दनाक सड़क हादसा, पहाड़ से गिरी बस, 16 यात्रियों की मौत

कहीं न कहीं चूक हुई है- डिप्टी सीएम

इसके साथ ही डिप्टी सीएम ने कहा कि यह बहुत दुख की बात है और कहीं न कहीं कुछ चूक हुई है। चाहे वह IPWD विभाग हो या PHE विभाग। उन्होंने पाइपों की मरम्मत नहीं की। अब, यह एक-दूसरे पर दोष मढ़ने का खेल बन गया है। लेकिन एक बात यह है कि मैं बहुत दुखी हूं, बहुत निराश हूं कि इन लोगों ने अपनी जान गंवा दी, जिनकी इसमें कोई गलती नहीं थी।