KhabarFast

Maharashtra HSC Result 2026: महाराष्ट्र बोर्ड 12वीं रिजल्ट जारी, 89.79% छात्र हुए पास

Shivani Jha | 02 May, 2026

Maharashtra HSC Result 2026: महाराष्ट्र में 12वीं कक्षा के छात्रों का इंतजार खत्म हो गया है। महाराष्ट्र स्टेट बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एंड हायर सेकेंडरी एजुकेशन ने शनिवार सुबह 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए HSC परीक्षा 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया। इस रिजल्ट का लाखों छात्रों को बेसब्री से इंतजार था। छात्र अब अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट mahahsscboard.in, hscresult.mahahsscboard.in और DigiLocker के माध्यम से देख सकते हैं। रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को अपना रोल नंबर और मां का नाम दर्ज करना होगा। इसके बाद स्क्रीन पर उनका स्कोरकार्ड दिखाई देगा, जिसे वे डाउनलोड या सेव भी कर सकते हैं।

89.79 प्रतिशत छात्र हुए पास

इस साल कुल 89.79 प्रतिशत छात्र परीक्षा में पास हुए हैं। लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा। जहां 93.15 प्रतिशत छात्राएं पास हुईं, वहीं 86.80 प्रतिशत छात्र सफल रहे। बोर्ड के अनुसार, परीक्षा पास करने के लिए छात्रों को थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों में कम से कम 35 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी है। वहीं, जो छात्र इस न्यूनतम अंक को हासिल नहीं कर पाए हैं, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। ऐसे छात्रों को कंपार्टमेंट परीक्षा में बैठने का मौका दिया जाएगा, जिससे वे अपना साल बचा सकते हैं।

इन विषयों का रिजल्ट हुआ जारी

इस वर्ष करीब 15 लाख 32 हजार 487 छात्रों ने 12वीं परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। इनमें सबसे ज्यादा 7 लाख 99 हजार 773 छात्र साइंस स्ट्रीम से थे। इसके अलावा 3 लाख 80 हजार 692 आर्ट्स, 3 लाख 20 हजार 152 कॉमर्स, 27 हजार 378 वोकेशनल और 4 हजार 492 ITI के छात्र शामिल थे। बोर्ड ने सभी स्ट्रीम-साइंस, आर्ट्स, कॉमर्स और वोकेशनल का रिजल्ट एक साथ जारी किया है। इससे छात्रों को अलग-अलग इंतजार नहीं करना पड़ा।

अभिभावकों को किया सावधान

महाराष्ट्र बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों को सावधान भी किया है। बोर्ड ने कहा है कि रिजल्ट देखने के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट या भरोसेमंद प्लेटफॉर्म का ही इस्तेमाल करें। किसी भी फर्जी वेबसाइट या लिंक से दूर रहें, ताकि किसी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके। कुल मिलाकर, इस साल का रिजल्ट अच्छा रहा है और ज्यादातर छात्रों ने सफलता हासिल की है। 

Also read: दिल्ली में अभिभावकों को राहत, निजी स्कूल फीस को लेकर जारी किया गया निर्देश