Bengal Election: पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच फलता विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान को लेकर बड़ा विवाद गहरा गया है। उत्तर प्रदेश के चर्चित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट और आईपीएस अजय पाल शर्मा ने उन्हें चेताया है। उन्होंने साफ कहा कि अगर लोगों को धमकाने की शिकायत दोबारा मिली, तो सख्त एक्शन लिया जाएगा। अजय पाल शर्मा ने कहा कि जहांगीर को बता देना, लोगों को धमकाया तो कायदे से खबर लेंगे।
जानकारी के अनुसार अजय पाल शर्मा फिलहाल पश्चिम बंगाल में चुनाव ड्यूटी पर तैनात हैं। पिछले कुछ दिनों से आम लोगों की ओर से शिकायत मिल रही थी कि फलता विधानसभा से तृणमूल उम्मीदवार जहांगीर खान लोगों को धमकी दे रहा है। इन शिकायतों के बाद अजय पाल शर्मा मौके पर पहुंचे, लेकिन वहां जहांगीर खान वहां नहीं था। स्थानीय लोगों और यहां तक कि स्थानीय पुलिस ने भी उनके घर की लोकेशन नहीं बताई। बाद में तलाशी अभियान के दौरान उनकी टीम को जहांगीर का ठिकाना मिला।
अजय पाल शर्मा ने एसपी से मांगा जवाब
जब टीम वहां तो घर के बाहर पश्चिम बंगाल पुलिस के 14 जवान सुरक्षा कर रहे थे। इस पर अजय पाल शर्मा ने स्थानीय पुलिस अधीक्षक से जवाब मांगा। जिसके बाद एसपी ने बताया कि जहांगीर खान को वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली है और उनके लिए 10 पुलिसकर्मी निर्धारित हैं। इस पर अजय पाल शर्मा ने सवाल उठाया कि मौके पर 14 जवान कैसे हैं। उन्होंने स्थानीय एसपी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है कि अतिरिक्त 4 पुलिसकर्मी किस नियम के तहत लगाए गए हैं।
जहांगीर के रिश्तेदारों को भी चेतावनी
इसके साथ ही जहांगीर खाने के भतीजे और रिश्तेदारों को भी सख्त चेताया गया है। अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी भी वोटर को धमकाने या चुनाव प्रक्रिया में दखल की शिकायत मिली, तो तगड़ा एक्शन लिया जाएगा। यह मामला अब चुनावी निष्पक्षता और प्रशासनिक जवाबदेही के मुद्दे पर चर्चा का विषय बन गया है।