IAS Varsha Khanagwal: झज्जर जिले को नया प्रशासनिक नेतृत्व मिल गया, जब वर्ष 2018 बैच की आईएएस अधिकारी श्रीमती वर्षा खांगवाल ने बुधवार को जिले के 25 वें उपायुक्त के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण किया। लघु सचिवालय पहुंचने पर जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनका बुक्का भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उनसे मुलाकात कर जिले की प्रशासनिक एवं विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी सांझा की। निवर्तमान डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने नवनियुक्त डीसी श्रीमती वर्षा खांगवाल का स्वागत किया।
अधिकारियों को दिए निर्देश
कार्यभार संभालने के उपरांत उपायुक्त वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों के साथ जिले में चल रहे विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें ताकि आमजन को समय पर सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
प्रशासन गंभीरता से करेगा काम
उपायुक्त ने कहा कि झज्जर जिला विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है और इस गति को और अधिक मजबूती प्रदान करने के लिए अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, सड़क, महिला एवं बाल विकास तथा ग्रामीण विकास से संबंधित योजनाओं व जनगणना कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
शिकायतों का निपटारे को दे प्राथमिकता
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जन शिकायतों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा कार्यालयों में आने वाले लोगों के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना भी प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, ताकि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
विकास कार्यों को नई दिशा मिली
वर्षा खांगवाल एचसीएस वर्ष 2004 बैच की टॉपर रही हैं। प्रशासनिक मामलों में उनकी दक्षता और सकारात्मक कार्यशैली को देखते हुए उन्हें एक सक्षम एवं अनुभवी अधिकारी माना जाता है। अब नए उपायुक्त के रूप में वर्षा खांगवाल के नेतृत्व से जिले में विकास कार्यों को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलेगी। जिले के प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उपायुक्त वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में झज्जर जिला विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा। इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, डीएमसी अभिनव सिवाच, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, एसडीएम बादली विशाल कुमार, सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के उपनिदेशक अमित पंवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।