KhabarFast

HARYANA NEWS: पानीपत में फर्जी LPG मैसेज से हड़कंप, साइबर ठगों ने बनाई कनेक्शन सरेंडर कराने की साजिश

Parth Jha | 02 Apr, 2026

HARYANA NEWS: एलपीजी गैस की कथित कमी के बीच साइबर ठगों ने लोगों को ठगने का नया तरीका अपनाया है। गैस कंपनियों के नाम पर फर्जी मैसेज भेजकर उपभोक्ताओं से उनका एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कराने की कोशिश की जा रही है। इस मामले का खुलासा पीड़ित परमवीर ढींगरा ने किया है, जिन्होंने खुद ऐसे मैसेज मिलने के बाद इसकी जांच कराई।

परमवीर ढींगरा के अनुसार, उनके पास आईओसी (IOC) और अडानी ग्रुप की कंपनी के नाम से दो बार मैसेज आया, जिसमें एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करने के लिए कहा गया था। मैसेज पूरी तरह असली जैसा प्रतीत हो रहा था, जिससे किसी भी उपभोक्ता के भ्रमित होने की संभावना थी।संदेह होने पर उन्होंने संबंधित कंपनी से संपर्क कर मैसेज का स्क्रीनशॉट भेजा। जांच के बाद कंपनी ने स्पष्ट किया कि इस तरह का कोई मैसेज उनकी ओर से जारी नहीं किया गया है और यह पूरी तरह फर्जी है।

ढींगरा ने बताया कि उन्हें एक फोन कॉल भी आया, जिसमें कहा गया कि इस बार कंपनी का कर्मचारी मीटर रीडिंग के लिए नहीं आएगा और उन्हें खुद फोटो खींचकर भेजनी होगी। बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी स्थिति बताई कि उनके परिवार में एलपीजी और पाइपलाइन दोनों का उपयोग हो रहा है, ऐसे में कनेक्शन सरेंडर का मैसेज क्यों भेजा जा रहा है। इसके बाद कंपनी प्रतिनिधियों ने स्क्रीनशॉट मंगवाकर पुष्टि की कि यह साइबर ठगी का मामला हो सकता है।

आमजन से की अपील

परमवीर ढींगरा ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध मैसेज या कॉल पर भरोसा न करें और बिना पुष्टि के कोई कार्रवाई न करें।जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक अधिकारी दिव्या ने भी आमजन से अपील की है कि गैस से जुड़ी किसी भी गड़बड़ी या ब्लैक मार्केटिंग की सूचना तुरंत विभाग द्वारा जारी कंट्रोल रूम नंबर 114,दूरभाष नंबर 0180-2653850पर सूचना दें। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलते ही विभाग द्वारा त्वरित और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।