KhabarFast

Haryana News: जींद में दर्दनाक हादसा! रोडवेड बस पलटने से 20 यात्री घायल, दीवार तोड़कर रेस्ट हाउस के अंदर घुसी

Sachin Kumar | 11 May, 2026

Haryana News:  हरियाणा में एक बार फिर दर्दनाक हादसा हुआ है। जींद में रोडवेज बस पलट गया। सोमवार यानी 11 मई को दोपहर 12 बजे के करीब हरियाणा रोडवेज की एक बस नरवाना के हरियल चौक पर स्कूटी चालक को बचाने के चक्कर में पलट गई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे, इनमें से 20 के आसपास यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

आनन-फानन में कुछ यात्रियों को बस के शीशे तोड़कर बाहर निकाला गया। यह बस किलोमीटर स्कीम की थी और पंचकूला से हिसार जा रही थी। घटना के दौरान बस हरियल रेस्ट हाउस की दीवार तोड़ते हुए अंदर तक जा घुसी।

स्कूटी सवार को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

वहीं, घटना के बाद लोगों ने तुरंत घायल यात्रियों को बाहर निकाला और नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। सूचना पाकर शहर थाना प्रभारी पूर्णदास मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि यात्रियों को ज्यादा चोट नहीं लगी है। उन्होंने कहा कि बस पंचकूला से हिसार की ओर जा रही थी। जब यह बस हरियल चौक के पास पहुंची तो बस के सामने एक स्कूटी सवार बुजुर्ग आ गया। बस चालक ने स्कूटी सवार को बचाने का प्रयास किया जिससे बस डिवाइडर पर चढ़ गई।  

इसके बाद यह बस लिंक रोड को पार करते हुए हरियल रेस्ट हाउस की दीवार को तोड़कर अंदर घुस गई और और पलट गई। थाना प्रभारी ने बताया कि बस चालक को ज्यादा चोट लगी है, बाकी सभी यात्री सुरक्षित हैं। उनमें से कुछ को मामूली चोटें आई हैं।

Also read: HARYANA NEWS: सीएम सैनी लाडो लक्ष्मी योजना की 7वीं किस्त जारी, लाखों महिलाओं को मिला लाभ