Faridabad Incident: हरियाणा के फरीदाबाद के बीपीटीपी इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां सीवर की सफाई के दौरान दम घुटने से दो लोगों की मौत हो गई। दोनों कर्मचारी बीपीटीपी क्षेत्र में ही कार्यरत थे और नियमित सफाई कार्य के दौरान सीवर लाइन में उतरे थे।
परिजनों के मुताबिक, कर्मचारियों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के सीवर में उतारा गया। उनका आरोप है कि बीपीटीपी प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों ने न तो गैस मास्क, न ऑक्सीजन सिलेंडर और न ही अन्य जरूरी सेफ्टी इक्यूपमेंट उपलब्ध कराए। इसी लापरवाही के चलते जहरीली गैस के कारण उनका दम घुट गया और मौके पर ही उनकी जान चली गई।
घटना के बाद परिजनों में भारी रोष है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि सीवर की सफाई के दौरान इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, जबकि नियमों के मुताबिक बिना सुरक्षा उपकरण के किसी भी कर्मचारी को सीवर में उतारना पूरी तरह प्रतिबंधित है। अब देखना होगा कि इस मामले में प्रशासन क्या कार्रवाई करता है और दोषियों पर क्या कदम उठाए जाते हैं।