KhabarFast

Haryana News: शाहाबाद जीटी रोड पर STF और बदमाशों में मुठभेड़, भाऊ गैंग के दो शूटर घायल

Parth Jha | 20 May, 2026

Kurukshetra Encounter: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में मंगलवार शाम स्पेशल टास्क फोर्स की करनाल यूनिट और दो गैंगस्टरों के बीच शाहाबाद जीटी रोड पर गांव रतनगढ़ के पास मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई। STF की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोलियां लगीं, जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया। घायल बदमाशों की पहचान अमृतसर निवासी कशिश और हर्ष के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में दोनों के भाऊ गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो विदेशी पिस्टल बरामद की हैं।

जानकारी के अनुसार दोनों बदमाश शाहाबाद के गांव रतनगढ़ स्थित जाट भवन के पास रोहतक जाने के लिए किसी वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान STF टीम ने उन्हें घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में STF ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गोली मारकर काबू किया। घायल बदमाशों को पहले शाहाबाद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल रेफर कर दिया गया।

Also read: कुमारी सैलजा का बीजेपी सरकार पर हमला, बोलीं- हरियाणा में बिजली-पानी से लेकर कानून व्यवस्था तक हाल बेहाल

STF करनाल यूनिट के इंचार्ज दीपेंद्र राणा ने बताया कि टीम को पहले से इनपुट मिला था कि भाऊ गैंग के दो शूटर हथियारों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की नीयत से इलाके में मौजूद हैं। फिलहाल STF दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।