KhabarFast

हरियाणा में अपने घर का सपना होगा पूरा, गरीबों को प्लॉट देने की दिशा में हरियाणा सरकार का बड़ा कदम

Parth Jha | 19 Mar, 2026

Haryana News: हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रदेश सरकार के पास लगभग 2500 से अधिक ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को प्लॉट आवंटित करने की मांग की गई है। इन प्रस्तावों के आधार पर सरकार द्वारा सर्वेक्षण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। सर्वे कार्य पूर्ण होते ही पात्र लाभार्थियों को शीघ्र ही प्लॉट आवंटित किए जाएंगे, जिससे गरीब परिवारों के अपने घर का सपना पूरा होगा।

कृष्ण लाल पंवार बुधवार को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में प्रश्नकाल के दौरान विधायक श्री आदित्य देवीलाल द्वारा पूछे गए प्रश्न का जवाब दे रहे थे।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हाउसिंग फॉर ऑल के विजन के अनुरूप गरीब व जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत गांवों में 100 गज, महाग्रामों में 50 गज तथा शहरी क्षेत्रों में 30 गज के प्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे।

78,257 लाभार्थियों को लाभ पहुंचाया गया है-कृष्ण लाल पंवार

कृष्ण लाल पंवार ने सदन को बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के अंतर्गत वर्ष 2015-16 से लेकर 31 जनवरी, 2026 तक राज्य में 78,257 लाभार्थियों को लाभ पहुंचाया गया है, जिनमें अनुसूचित जाति और पिछड़े वर्गों के 24,590 लाभार्थी शामिल हैं। इस दौरान, इन अनुसूचित जाति/पिछड़े वर्गों के लाभार्थियों को लाभार्थी आधारित निर्माण और क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी योजना घटकों के अंतर्गत 586.20 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता वितरित की गई।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत, 2014-15 से जनवरी 2026 तक राज्य में 1,17,619 लाभार्थियों को लाभ पहुंचाया गया है। जिनमें अनुसूचित जातियों के 63,687 लाभार्थी शामिल हैं। इन लाभार्थियों को घर बनाने के लिए 369.05 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी गई।