Bhiwani Crime News: हरियाणा के भिवानी के गांव बलियाली में शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। गांव बलियाली में आधा दर्जन युवकों द्वारा किए गए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। भिवानी के बवानी खेड़ा क्षेत्र के आदर्श महाग्राम बलियाली में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शादी समारोह के दौरान कुछ युवकों ने घर में घुसकर सो रहे लोगों पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब 6 से 7 हमलावरों ने लाठी-डंडों से दो युवकों पर हमला किया। इस हमले में उत्तराखंड निवासी 45 वर्षीय राकेश की मौत हो गई, जबकि दिनेश नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए गांव आए हुए थे।
परिवार वालों ने लगाई न्याय की गुहार
मृतक राकेश चार बच्चों के पिता थे और परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मंगलवार को रोहित नामक युवक की शादी थी। बारात के दौरान कुछ युवकों द्वारा बदतमीजी की गई थी, जिन्हें समझाकर वापस भेज दिया गया था। बुधवार को जब परिवार के सदस्य दूल्हा-दुल्हन को मंदिर ले गए हुए थे, तभी पीछे से आरोपियों ने घर में घुसकर सो रहे राकेश और लाला पर हमला कर दिया। घटना के दौरान एक अन्य युवक ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने बेरहमी से पिटाई की। घायलों को तुरंत एंबुलेंस से भिवानी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने राकेश को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी मुन्नी और मां परागों ने बताया कि राकेश ही परिवार का एकमात्र सहारा था और उनके चार छोटे बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, वे शव को नहीं लेंगे। घायल दिनेश ने बताया कि वे शादी के बाद घर में सो रहे थे, तभी अचानक 6-7 युवक आए और हमला कर दिया, जिसमें राकेश की मौत हो गई। उन्होंने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
इलाके में दहशत का माहौल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भिवानी के पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है। शादी के घर में हुई इस वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।