KhabarFast

पंजाबी सिंगर इंदर कौर की मौत से सदमे में फैंस, क्या है सिंगर की हत्या की वजह?

Shivani Jha | 19 May, 2026

Inder Kaur Murder: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मशहूर पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यश इंदर कौर अब इस दुनिया में नहीं रहीं। 19 मई की सुबह उनकी लाश नीलो नहर से बरामद की गई। बताया जा रहा है कि छह दिन पहले उन्हें बंदूक की नोक पर अगवा किया गया था, जिसके बाद से परिवार और पुलिस उनकी तलाश कर रहे थे।

क्या है हत्या की वजह? 

सिंगर की मौत की खबर से पंजाबी इंडस्ट्री और उनके फैंस के बीच शोक की लहर है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इंदर कौर की हत्या के पीछे शादी से इनकार की वजह सामने आ रही है। परिवार का आरोप है कि मोगा का एक युवक उन पर शादी का दबाव बना रहा था। जब इंदर को पता चला कि वह युवक पहले से शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है, तो उन्होंने रिश्ता खत्म कर दिया।

इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती

बताया जा रहा है कि दोनों की दोस्ती करीब तीन साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी। इसके बाद आरोपी ने खुद को अविवाहित बताकर इंदर को अपने प्यार में फंसाया। सच्चाई सामने आने के बाद इंदर ने शादी से मना कर दिया, जिससे आरोपी नाराज हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब पहुंचा था और बदला लेने की नीयत से उसने इस वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद उसके फिर से कनाडा भागने की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच जारी है।

कई पंजाबी म्यूजिक वीडियोज में आ चुकी हैं नजर 

29 वर्षीय इंदर कौर सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थीं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 1.24 लाख फॉलोअर्स थे। उनकी आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट भी अब चर्चा में है, जिसे उन्होंने अपनी मौत से कुछ दिन पहले शेयर किया था। फैंस उस पोस्ट पर कमेंट कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इंदर कई पंजाबी म्यूजिक वीडियोज में नजर आ चुकी थीं। उन्होंने “किसान एंथम 2”, “जीजा”, “नब्ज जट्टी दी” और “अकड़” जैसे गानों में काम किया था। अपनी खूबसूरती और शानदार अंदाज की वजह से वह युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय थीं। इंदर कौर की अचानक मौत ने उनके परिवार, दोस्तों और फैंस को गहरे सदमे में डाल दिया है। 

Also read: Punjab News: गुरदासपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, 4 लोगों की दर्दनाक मौत