KhabarFast

92 की उम्र में Asha Bhosle की तबीयत बिगड़ी, पोती ने बताई बीमारी की वजह; फैन्स से की खास अपील

Nancy | 12 Apr, 2026

Asha Bhosle Health Update: संगीत जगत की मशहूर आवाज आशा भोसले की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरू में सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्ट्स में कार्डियक अरेस्ट की खबरें फैलीं, लेकिन परिवार की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि ऐसा कुछ नहीं है। उनकी पोती जनाई भोसले ने इंस्टाग्राम पर आधिकारिक अपडेट देते हुए बताया कि दादी को अत्यधिक थकान और छाती में संक्रमण (chest infection) की वजह से अस्पताल ले जाना पड़ा।

जनाई भोसले का इंस्टाग्राम पोस्ट 

जनाई ने दादी के साथ एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा 'मेरी दादी आशा भोसले को बहुत ज्यादा थकान और छाती के संक्रमण की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हम आप सभी से अनुरोध करते हैं कि हमारी निजता का सम्मान करें। इलाज चल रहा है और उम्मीद है कि सब कुछ ठीक हो जाएगा। हम आपको आगे सकारात्मक अपडेट देंगे।

परिवार ने फैंस और मीडिया से अपील की है कि वे अनावश्यक अफवाहों से बचें और आशा ताई की गोपनीयता बनाए रखें। अस्पताल के डॉक्टरों ने भी पुष्टि की कि आशा भोसले का इलाज इमरजेंसी मेडिकल यूनिट में चल रहा है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।  

फैंस से की खास अपील 

परिवार ने फैंस से दिग्गज गायिका की जल्द से जल्द रिकवरी की दुआ करने की अपील की हैं, लेकिन अस्पताल के बाहर भीड़ न लगाएं और परिवार की निजता का पूरा ध्यान रखें। आशा ताई ने दशकों तक अपनी अनमोल आवाज से करोड़ों दिलों को छुआ है, अब समय है कि हम सब उनकी सेहत और आराम के लिए प्रार्थना करें।

बता दें, आशा भोसले पिछले कुछ महीनों से स्वास्थ्य संबंधी कुछ परेशानियों का सामना कर रही थीं। 92 वर्ष की उम्र में थकान और संक्रमण जैसी समस्याएं आम हो सकती हैं, लेकिन उनकी उम्र को देखते हुए डॉक्टर सतर्कता बरत रहे हैं। संगीत प्रेमी और पूरे मनोरंजन जगत में उनकी सेहत को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। फिलहाल आशा भोसले का इलाज जारी है। परिवार ने आश्वासन दिया है कि जैसे ही कोई सकारात्मक खबर होगी, वे खुद फैंस को सूचित करेंगे।

Also read: सलमान खान के स्टाइल में नया तड़का...₹41 लाख की घड़ी पहन खींचा सबका ध्यान, जानें क्यों हैं ये इतना खास