KhabarFast

यमुना तट पर भैरव घाट की भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने की सफाई, केजरीवाल पर कसा तंज

Parth Jha | 25 Oct, 2025

Delhi Chhath festival: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने छठ पूजा से पहले यमुना तट पर भैरव घाट की सफाई की। इस दौरान उन्होंने कहा कि, "हमारे लिए यह लोक आस्था का पर्व है। दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने पूर्वांचल के लोगों के साथ छल और षड्यंत्र किया था। आप पार्टी ने इतने सालों तक यमुना तट पर पूजा की अनुमति नहीं दी थी। अब दिल्ली की मुख्यमंत्री भाजपा की रेखा गुप्ता हैं, इसलिए यह प्रतिबंध हटा दिया गया है। दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि पूर्वांचल के भाई-बहनों को कोई असुविधा न हो।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कल ही क्षेत्रीय अधिकारियों से बात कर घाट निर्माण की अनुमति दिलवाई और जे.सी.बी. लगवा कर घाट निर्माण काम शुरू करवाया। आज सुबह दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा स्वंय यमुना बैंक मैट्रो स्टेशन से नीचे निर्माणाधीन छठ घाट पर पहुंचे और सफाई श्रमदान किया और कहा कि यह छठ घाट निर्माण करवा कर हमने लक्ष्मी नगर, पांडव नगर सहित आसपास के चार पांच किलोमीटर में बसे बिहार समाज के लोगों की आंकाक्षा पूरी की है।

केजरीवाल सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्वों में बाधा डालती थी- रेखा गुप्ता

उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्वों में बाधा डालती थी पर भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार जन जन के पर्वों को उत्सव उत्साह दे रही है। सचदेवा के साथ एन.डी.एम.सी. सदस्य दिनेश प्रताप सिंह, विधायक अभय वर्मा, शाहदरा जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक गाबा, दिल्ली भाजपा पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा, पार्षद संदीप कपूर, नीलम नीतू चौधरी एवं रामकिशोर शर्मा और बड़ी संख्या में बिहार जागरण मंच के सदस्य घाट स्वच्छता श्रमदान में सम्मलित हुए।