KhabarFast

इस खास मंदिर के नीचे से गुजरेगा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, सुरंग बनी इंजीनियरिंग का बड़ा उदाहरण

Shivani Jha | 14 Apr, 2026

Delhi-Dehradun Expressway: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को उत्तराखंड से करीब 12,000 करोड़ रुपये की लागत से बने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। यह एक्सप्रेसवे आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ आस्था और तकनीक का अनोखा संगम भी दिखाता है। इस मौके पर पीएम मोदी डाट काली मंदिर के नीचे बनाई गई विशेष सुरंग से गुजरकर इस कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे। यह सुरंग इंजीनियरिंग की एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, क्योंकि इसे इस तरह तैयार किया गया है कि मंदिर की प्राचीन संरचना को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे।

क्या है पीएम का शड्यूल? 

उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री देहरादून में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही वह डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और मंदिर से गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड तक करीब 12 किलोमीटर लंबा रोड शो भी करेंगे। इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से पहले डाट काली मंदिर के पास सड़क काफी संकरी थी, जिससे अक्सर लंबा जाम लगता था। अब नई सुरंग बनने से इस समस्या का समाधान हो गया है और यातायात सुगम हो जाएगा। सुरंग के अंदर सीसीटीवी कैमरे, फायर फाइटिंग सिस्टम और एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लगाए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सके।

क्या है इस एक्सप्रेसवे की खासियत?

करीब 213 किलोमीटर लंबे इस छह लेन एक्सप्रेसवे को हाई-स्पीड कनेक्टिविटी के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें 10 इंटरचेंज, 3 रेलवे ओवरब्रिज, 4 बड़े पुल और सड़क किनारे 12 जनसुविधाएं भी बनाई गई हैं। पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना में खास इंतजाम किए गए हैं। वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया गया है, जो एशिया के सबसे लंबे कॉरिडोर में से एक है। इसके अलावा 8 पशु मार्ग, 2 हाथी अंडरपास और 370 मीटर लंबी सुरंग भी शामिल है। ये एक्सप्रेसवे दिल्ली और देहरादून के बीच सफर को तेज और आसान बनाएगा। साथ ही इससे पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Also read: Uttarakhand News: हरिद्वार में अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी जबरदस्त टक्कर, दो युवकों की दर्दनाक मौत