Bihar News: बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बन चुके हैं। सम्राट चौधरी ने बुधवार यानी 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। सम्राट चौधरी की सरकार में जेडीयू के विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव डिप्टी सीएम बनाए गए हैं। अब विभागों का बंटावरा भी हो गया है। अभी बीजेपी के पास 29 और जेडीयू के पास 18 विभाग रहेंगे।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गृह समेत 29 विभाग संभालेंगे। उनके पास गृह के साथ-साथ पथ निर्माण, राजस्व, स्वास्थ्य, विधि, उद्योग, पर्यटन, आपदा प्रबंधन, कला संस्कृति, सहकारिता, पर्यावरण और पंचायती राज की जिम्मेदारी है।
दोनों डिप्टी सीएम को भी दिए गए विभाग
इसके अलावा, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन, ग्रामीण विकास, संसदीय कार्य, भवन निर्माण, अल्पसंख्यक कल्याण, शिक्षा और उच्च शिक्षा जैसे 10 विभाग का जिम्मा दिया गया है। वहीं, दूसरे डिप्टी सीएम बिजेंद्र यादव को ऊर्जा, वित्त, खाद्य, वाणिज्य, समाज कल्याण और ग्रामीण कार्य जैसे 8 विभागों का कार्यभार सौंपा गया है। विभागों का बंटवारा फिलहाल यही रहेगा। बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों के बाद बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार किया जाएगा।
बिहार में अब सम्राट युग
बिहार की सियासत ने कुछ इस कदर करवट ली की भाजपा का सपना साकार तो हुआ ही, साथ सम्राट चौधरी का भी उभार हो गया। बिहार में भाजपा वर्षों का सूखा खत्म करते हुए बड़े भाई भूमिका में आ गई है। क्योंकि अब नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद भाजपा के सम्राट नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान ज्यों ही भाजपा को जदयू से ज्यादा सीटें आई, त्यों ही भाजपा का कद बढ़ा और अब सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनते ही बड़े भाई वाला तमगा भी मिल गया है।