KhabarFast

हरियाणा के ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत, अब गांवों में पूरी रात होगी बिजली सप्लाई

Shivani Jha | 23 Apr, 2026

Haryana News: हरियाणा के ग्रामीण इलाकों के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। बढ़ती गर्मी और उमस के बीच बिजली सप्लाई को लेकर नया शेड्यूल जारी किया गया है, जिससे गांवों में अब रात के समय बिना कट के बिजली मिलेगी। जानकारी के अनुसार, उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम ने ग्रामीण घरेलू फीडरों (RDS) के लिए नया बिजली आपूर्ति शेड्यूल लागू किया है। यह व्यवस्था 23 अप्रैल की आधी रात से पूरे प्रदेश में लागू हो जाएगी।

गांवों में पूरी रात होगी बिजली सप्लाई

सरकार के इस फैसले के तहत अब गांवों में पूरी रात बिजली की सप्लाई दी जाएगी, ताकि लोगों को गर्मी में राहत मिल सके और किसानों व आम जनता को सुविधा मिले। खास बात यह है कि पीक आवर्स को ध्यान में रखते हुए बिजली व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। नए शेड्यूल के अनुसार हिसार जोन सहित अन्य क्षेत्रों में शाम 7 बजे से सुबह 6:30 बजे तक लगातार बिजली सप्लाई दी जाएगी। यानी ग्रामीण इलाकों में रात भर लगभग साढ़े 11 घंटे तक बिना रुकावट बिजली मिलेगी।

दोपहर को होगी खास व्यवस्था 

इसके अलावा दोपहर 12 बजे से शाम 4:30 बजे तक भी बिजली उपलब्ध रहेगी। इस दौरान तापमान सबसे ज्यादा होता है, इसलिए लोगों को लू और तेज गर्मी से राहत देने के लिए यह व्यवस्था की गई है। बिजली निगम का कहना है कि यह कदम गर्मी के बेहतर प्रबंधन के लिए उठाया गया है। इससे न केवल ग्रामीणों को राहत मिलेगी, बल्कि बच्चों की पढ़ाई और बुजुर्गों की सेहत पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।

कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

मुख्यालय ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस शेड्यूल को सख्ती से लागू किया जाए ताकि किसी भी उपभोक्ता को परेशानी न हो। बिजली आपूर्ति में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। सरकार का मानना है कि इस नई व्यवस्था से गांवों में जीवन आसान होगा और गर्मी के मौसम में बिजली संकट से काफी हद तक राहत मिलेगी। यह कदम ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सुविधा और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। 

Also read: करनाल को बड़ा तोहफा...600 एकड़ में बनेगा ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट, पर्यटन और विकास को मिलेगी नई उड़ान