KhabarFast

नोएडा हंगामे के बाद यूपी सरकार का बड़ा फैसला, मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी में हुई बढ़ोतरी

Shivani Jha | 14 Apr, 2026

Noida Employee Protest: उत्तर प्रदेश सरकार ने नोएडा में हुए मजदूरों के विरोध प्रदर्शन के बाद बड़ा कदम उठाते हुए विभिन्न श्रेणी के श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी बढ़ा दी है। अधिकारियों के अनुसार, नई दरें 1 अप्रैल से लागू मानी जाएंगी, यानी यह फैसला पिछली तारीख से प्रभावी होगा। गौतम बुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि मजदूरी बढ़ाने का फैसला एक हाई-पावर्ड कमेटी की सिफारिश पर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंजूरी दी है।

कितना बढ़ा वेतन?

नई दरों के अनुसार, गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद में अब अकुशल (Unskilled) मजदूरों को 13,690 रुपये प्रति माह मिलेंगे, जो पहले 11,313 रुपये थे। वहीं, अर्ध-कुशल (Semi-skilled) मजदूरों को 15,059 रुपये और कुशल (Skilled) मजदूरों को 16,868 रूपये प्रति माह वेतन मिलेगा। अन्य नगर निगम क्षेत्रों में भी मजदूरी बढ़ाई गई है। यहां अकुशल मजदूरों के लिए 13,006 रुपये, अर्ध-कुशल के लिए 14,306 रुपये और कुशल मजदूरों के लिए 16,025 रुपये प्रति माह तय किए गए हैं।

सरकार ने कैसे लिया ये फैसला?

इसके अलावा राज्य के बाकी जिलों में अकुशल मजदूरों को 12,356 रुपये, अर्ध-कुशल मजदूरों को 13,591 रुपये और कुशल मजदूरों को 15,224 रुपये प्रति माह वेतन मिलेगा। सरकार ने बताया कि यह फैसला लेने से पहले नियोक्ताओं (Employers) और श्रमिक संगठनों से चर्चा की गई। सभी सुझावों और आपत्तियों पर विचार करने के बाद ही संतुलित और व्यावहारिक निर्णय लिया गया है।

सड़कों पर उतरे थे हजारों मजदूर 

दरअसल, ये फैसला नोएडा में सोमवार को हुए बड़े विरोध प्रदर्शन के बाद लिया गया है। हजारों फैक्ट्री मजदूर सड़कों पर उतर आए थे और उन्होंने बेहतर वेतन और काम की स्थिति की मांग की थी। कई जगह प्रदर्शन हिंसक भी हो गया था, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। स्थिति को संभालने के लिए सरकार ने तुरंत एक कमेटी बनाई और मजदूरों व फैक्ट्री मालिकों से बातचीत शुरू की। अब मजदूरी बढ़ाने के इस फैसले से सरकार को उम्मीद है कि हालात सामान्य होंगे और मजदूरों की नाराजगी कम होगी।

Also read: 20 हजार सैलरी की मांग पर कर्मचारियों ने की हड़ताल, फैक्ट्रियों में सन्नाटा, कामकाज हुआ ठप