Haryana Weather: हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों के दौरान कई जिलों में तेज धूल भरी आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, हांसी, चरखी दादरी, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, नूंह, गुरुग्राम, पलवल और फरीदाबाद जिलों में अगले तीन घंटों के दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं। कई जगहों पर बूंदाबांदी और हल्की बारिश होने की भी संभावना है।
ऑरेंज अलर्ट जारी
चंडीगढ़ स्थित क्षेत्रीय मौसम विभाग ने हरियाणा और पंजाब के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि कुछ इलाकों में तेज आंधी के साथ लू जैसी स्थिति भी बनी रह सकती है। वहीं, शुक्रवार और शनिवार तक मौसम इसी तरह बना रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने पंजाब और चंडीगढ़ के कुछ जिलों के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया है। पंजाब के पठानकोट, रूपनगर, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब में भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। चंडीगढ़ में भी तेज बारिश और आंधी की संभावना है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
हरियाणा के पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जिलों के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तेज हवाओं, बिजली चमकने और भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों को भी फसलों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने को कहा गया है। भीषण गर्मी के बीच मौसम में इस बदलाव से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि तेज आंधी और बारिश के कारण कुछ जगहों पर जनजीवन प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है।