IPL 2026: विराट कोहली का शानदार फॉर्म आईपीएल 2026 में लगातार जारी है। रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के बीच धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में विराट कोहली ने एक और बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने 37 गेंदों पर 58 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 3 शानदार छक्के शामिल रहे। यह विराट कोहली के आईपीएल करियर की 67वीं फिफ्टी रही। इसके अलावा वह आईपीएल में 9 शतक भी लगा चुके हैं। कोहली को पंजाब के स्पिनर युजवेंद्र चहल ने आउट किया। उनका कैच प्रियांश आर्य ने डीप मिडविकेट पर पकड़ा।
कोहली ने किए 500 रन पूरे
इस पारी के साथ विराट कोहली ने आईपीएल 2026 में अपने 500 रन भी पूरे कर लिए। खास बात यह है कि यह नौवीं बार है जब कोहली ने आईपीएल के एक सीजन में 500 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। यह उनकी शानदार निरंतरता को दिखाता है। इस मामले में उन्होंने कई बड़े खिलाड़ियों को पीछे छोड़ रखा है। डेविड वार्नर और केएल राहुल ने 7-7 बार यह उपलब्धि हासिल की है।
कोहली ने बनाया सबसे ज्यादा रन
विराट कोहली आईपीएल में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ अब तक 1215 रन बना लिए हैं। इसके अलावा चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी उनके नाम 1174 रन दर्ज हैं।
आरसीबी की सबसे बड़ी ताकत
मुकाबले में कोहली ने देवदत्त पडिक्कल के साथ दूसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की। मौजूदा सीजन में यह सातवीं बार था जब दोनों बल्लेबाजों ने 50 से ज्यादा रन जोड़े। यह आईपीएल इतिहास में किसी गैर-ओपनिंग जोड़ी द्वारा एक सीजन में सबसे ज्यादा 50 प्लस साझेदारियों का रिकॉर्ड बन गया है। कोहली और पडिक्कल की जोड़ी ने इस मामले में AB de Villiers, Michael Hussey और Suresh Raina जैसी दिग्गज जोड़ियों की बराबरी कर ली है। विराट का यह फॉर्म आरसीबी के लिए प्लेऑफ की दौड़ में बड़ी ताकत बनता जा रहा है।