KhabarFast

Vinesh Phogat: रेसलर विनेश फोगाट को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, एशियन गेम्स ट्रायल में मिली एंट्री

Parth Jha | 29 May, 2026

Vinesh Phogat: सुप्रीम कोर्ट ने ओलिंपियन रेसलर विनेश फोगाट को बड़ा राहत देते हुए एशियन गेम्स चयन ट्रायल में भाग लेने की अनुमति दे दी है। अदालत ने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें ट्रायल रोकने की मांग की गई थी।

यह फैसला जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक आराधे की बेंच ने सुनाया। ट्रायल 30 और 31 मई को दिल्ली में आयोजित होने हैं और इन्हीं के आधार पर सितंबर में जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम का चयन किया जाएगा।

इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने भी विनेश फोगाट को ट्रायल में शामिल होने की अनुमति दी थी। हाईकोर्ट ने अपने आदेश में यह भी निर्देश दिया था कि पूरी चयन प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाए और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) द्वारा नियुक्त स्वतंत्र पर्यवेक्षकों की निगरानी में ट्रायल कराए जाएं।

WFI ने हाईकोर्ट के इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन शीर्ष अदालत ने महासंघ की दलीलें स्वीकार नहीं कीं।

विनेश फोगाट 2024 पेरिस ओलंपिक में अपने आखिरी मुकाबले के बाद चर्चा में आई थीं, जहां 50 किलोग्राम कैटेगरी में फाइनल से पहले उनका वजन 100 ग्राम अधिक पाए जाने पर उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने 8 अगस्त 2024 को कुश्ती से संन्यास लेने की घोषणा की थी।

बाद में उन्होंने दिसंबर 2025 में संन्यास वापस लेने का ऐलान करते हुए 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में खेलने की इच्छा जताई थी। फिलहाल वे हरियाणा की जींद जिले की जुलाना सीट से कांग्रेस विधायक भी हैं।

WFI और विनेश के बीच विवाद क्या है

भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने दावा किया था कि संन्यास से वापसी करने वाले खिलाड़ियों के लिए एंटी-डोपिंग नियमों के तहत छह महीने की अनिवार्य नोटिस अवधि होती है, जिसका पालन विनेश फोगाट ने नहीं किया। इसी आधार पर उन्हें 26 जून 2026 तक घरेलू प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए अयोग्य घोषित किया गया था।

महासंघ ने उन पर अनुशासनहीनता और नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था। WFI का कहना था कि उनके व्यवहार से भारतीय कुश्ती की छवि को नुकसान पहुंचा है।

फिलहाल सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद विनेश फोगाट के लिए एशियन गेम्स के चयन ट्रायल का रास्ता साफ हो गया है, जिससे उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की वापसी की उम्मीदें फिर से मजबूत हो गई हैं।