KhabarFast

UP NEWS: मातम में बदली शादी की खुशियां, सिलेंडर में लगी आग से दूल्हा समेत 5 झुलसे, गैस का पाइप लीक होने से हुआ हादसा

Parth Jha | 20 Apr, 2026

Mainpuri Incident: यूपी के मैनपुरी के कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भरतवाल में शादी की खुशियों के बीच अचानक मातम जैसा माहौल बन गया, जब घर में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में दूल्हा सहित पांच लोग झुलस गए, जिन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह घटना मैनपुरी में कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भरतवाल की है। जहां आशाराम कश्यप के  बेटे विकास की 20 अप्रैल को बारात जानी है। शादी की तैयारियों के चलते घर में मेहमानों की भीड़ थी और भट्ठी पर खाना बनाया जा रहा था। तभी अचानक गैस सिलेंडर से लगे गैस पाईप में रिसाव हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आकर 84 वर्षीय प्रेम सिंह, 45 वर्षीय जैनेंद्र, आशाराम और 25 वर्षीय अंकित गंभीर रूप से झुलस गए। हालात को संभालने की कोशिश में दूल्हा विकास भी आग की लपटों में आकर घायल हो गया। हादसे के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार गूंज उठी। शोर सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और मिट्टी व पानी डालकर आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया, वरना नुकसान और भी भयावह हो सकता था।

Also read: कानपुर में दिल दहला देने वाली घटना, पिता ने की अपनी जुड़वां बेटियों की हत्या

इलाके में दहशत का माहौल

घायलों को परिजनों और ग्रामीणों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है और जल्द ही उन्हें छुट्टी दी जा सकती है। इस घटना ने शादी की खुशियों को पलभर में डर और चिंता में बदल दिया, वहीं मोहल्ले में भी इस हादसे को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है