Miyapur Renamed Ravindranagar: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखीमपुर खीरी जिले के दौरे के दौरान एक अहम घोषणा की। उन्होंने मोहम्मदी तहसील क्षेत्र के मियांपुर गांव/कॉलोनी का नाम बदलकर रविंद्रनगर करने का ऐलान किया। यह फैसला स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए लिया गया है।
CM योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मियांपुर अब रविंद्रनगर के नाम से जाना जाएगा। इस नाम परिवर्तन को सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संवेदनाओं के अनुरूप बताया गया है। तो वहीं, स्थानीय लोगों ने इस घोषणा का स्वागत किया है और इसे क्षेत्र के विकास तथा नई पहचान के रूप में देखा जा रहा है।
माफियाओं को सख्त चेतावनी
सभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माफियाओं और भूमि हड़पने वालों को कड़ी चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि यदि कोई माफिया सरकारी या निजी भूमि पर कब्जा करके अवैध निर्माण करता है या गैरकानूनी गतिविधियां चलाता है, तो सरकार बुलडोजर कार्रवाई करेगी। किसी भी कीमत पर ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। योगी ने जोर देकर कहा 'माफियाओं को मिट्टी में मिलने की तैयारी कर लेनी चाहिए।' उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में अब कानून का राज है और माफिया राज कभी वापस नहीं लौटेगा। प्रदेश में सुरक्षा का माहौल बनने से निवेश बढ़ रहा है और हर नागरिक को सुरक्षा का एहसास हो रहा है।
विकास कार्यों पर जोर
CM योगी ने लखीमपुर खीरी जिले में चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने बांग्लादेशी हिंदू शरणार्थियों सहित जरूरतमंदों को आवास और जमीन उपलब्ध कराने जैसी योजनाओं का जिक्र किया। मियांपुर क्षेत्र को विकसित भारत अभियान के तहत चयनित गांवों में शामिल किया गया है, जहां स्वच्छता और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। इस कार्यक्रम के दौरान स्थानीय प्रशासन ने मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों को लेकर पहले से ही सक्रियता दिखाई थी। नाम बदलने की घोषणा के साथ ही क्षेत्र में नई ऊर्जा और उत्साह देखा जा रहा है।