KhabarFast

Hamirpur Incident: हमीरपुर की यमुना नदी में डूबे 9 लोग, 1 महिला और बच्चे का शव बरामद, 4 लापता

Parth Jha | 07 May, 2026

Hamirpur Incident: यूपी के हमीरपुर की यमुना नदी में बड़ा हादसा हो गया, जहां कौतुबपुर पटिया गांव के 9 लोग डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ, फ्लड पीएसी और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अबतक 3 लोगों की सुरक्षित निकाल लिया गया है। हादसे में एक महिला और बच्चे का शव बरामद हुआ है। वहीं डूबने वाले चार बच्चे अब भी लापता हैं।

थाना कुरारा क्षेत्र के कोतुबपुर पटिया गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 9 लोगों के यमुना नदी में डूबने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सदर और कुरारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया गया। एसडीआरएफ टीम, फ्लड पीएसी और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें अब तक 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरारा भेजा गया है।

लापता लोगों की तलाश जारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी चित्रकूट धाम परिक्षेत्र बांदा, जिलाधिकारी हमीरपुर और पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य का जायजा लिया। फिलहाल नदी में लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है और प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ राहत कार्य में जुटा हुआ है।