KhabarFast

UP Crime: अंबेडकरनगर में दिल दहला देने वाली घटना, चार बच्चों की हत्या कर महिला फरार

Shivani Jha | 02 May, 2026

UP Crime: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला पर आरोप है कि उसने ईंट से हमला कर चार नाबालिग बच्चों की हत्या कर दी। घटना के बाद महिला मौके से फरार हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। यह मामला अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मीरानपुर मोहल्ले का बताया जा रहा है।

घर से गायब थी मां 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मौके पर एसपी समेत भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम भी पहुंची, जो सबूत जुटाने में लगी है। पुलिस के अनुसार, घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला था और बच्चों की मां घर से गायब थी। इसी वजह से पुलिस को महिला पर शक हो रहा है, लेकिन अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस वारदात के पीछे असली वजह क्या है और इसमें कौन शामिल है।

सऊदी अरब में नौकरी करता है पिता

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महरुआ निवासी नियाज की पत्नी अपने चार बच्चों के साथ मीरानपुर में रह रही थी। नियाज पिछले कई वर्षों से सऊदी अरब में नौकरी कर रहा है। बताया जा रहा है कि उसने वहां दूसरी शादी भी कर ली थी, जिससे परिवार में तनाव की स्थिति बन गई थी। शुरुआती अंदेशा है कि घरेलू तनाव के चलते महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया, लेकिन पुलिस ने अभी इस बारे में कोई ठोस बयान नहीं दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।

पुलिस ने किया मामला दर्ज

इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार महिला की तलाश के लिए टीमें बनाई गई हैं। आसपास के इलाकों में भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा और मामले का खुलासा किया जाएगा। यह घटना एक बार फिर समाज में बढ़ती पारिवारिक समस्याओं और मानसिक तनाव की गंभीरता को उजागर करती है। 

Also read: गुरुग्राम के स्कूलों को फिर मिली बम की धमकी, बच्चों को तुरंत भेजा गया घर; पुलिस की टीम कर रही जांच