UP Crime: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। तिंदवारी थाना क्षेत्र के अमलिकौर गांव में शनिवार को एक पति-पत्नी के शव घर के अंदर फंदे से लटके मिले। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में शोक का माहौल है। घटना की जानकारी तब हुई जब घर में मौजूद दो छोटे बच्चे रोते हुए बाहर आए और आसपास के लोगों को बुलाया। बच्चों की हालत देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अंदर का दृश्य देखकर सन्न रह गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने किया जांच शुरू
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। अधिकारियों ने घर के अंदर की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 28 वर्षीय लल्लू और उनकी 24 वर्षीय पत्नी गोमती के रूप में हुई है। दोनों के शव अलग-अलग कमरों में फंदे से लटके मिले।
दंपति ने किया था प्रेम विवाह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दंपति ने करीब सात साल पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था। शनिवार को भी घरेलू काम को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद यह दुखद घटना हुई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। साथ ही फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घर से महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए।
मृतक लल्लू को थी शराब की लत
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मृतक लल्लू खेती करता था और उसे शराब की लत थी। नशे की वजह से घर में अक्सर झगड़े होते थे। परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, इसी वजह से परिवार में तनाव बना रहता था। इस मामले में पुलिस अधिकारी सौरभ सिंह ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। साक्ष्य जुटाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और लोग इस दर्दनाक हादसे से सदमे में हैं।