KhabarFast

जीटी करनाल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, 10 साल की बच्ची समेत तीन की मौत

Shivani Jha | 13 May, 2026

GT Karnal Highway Accident: दिल्ली के जीटी करनाल हाईवे पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 10 साल की बच्ची, ऑटो रिक्शा चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में चार अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें पिता और पुत्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार हादसा अलीपुर स्थित शनि मंदिर के पास हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए।

सात लोग थे ऑटो में सवार

हादसे के समय ऑटो रिक्शा में कुल सात लोग सवार थे। इनमें एक ही परिवार के चार सदस्य भी शामिल थे। हादसे में परिवार की 10 साल की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार के एक अन्य सदस्य को मामूली चोटें आई हैं। हादसे में जान गंवाने वाले तीसरे व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है।

कुछ देर तक लगा रहा जाम

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद एक व्यक्ति ऑटो में बुरी तरह फंस गया था। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से राजा हरिश्चंद्र अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, कैट्स एंबुलेंस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सभी एजेंसियों ने मिलकर राहत और बचाव कार्य चलाया। दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय तक लंबा जाम भी लगा रहा और यातायात प्रभावित हुआ।

पुलिस कर रही डंपर चालक की तलाश

पुलिस ने डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने की मांग की है।

Also read: Suvendhu PA Case:शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या मामले में मिली सफलता, दबोचे गए 3 आरोपी