Tamilnadu News: तमिलनाडु के विरुदुनगर में दर्दनाक हादास हुआ है। अग्निशमन एवं बचाव विभाग के अनुसार, यहां एक पटाखा फैक्ट्री में धमाका होने से 16 लोगों की जान चली गई और 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना में घायल लोगों को इलाज के लिए विरुदुनगर सरकारी अस्पताल में एडमिट कराया गया है। वहीं, मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका है।
मिली जानकारी के अनुसार, कट्टनार पट्टी में एक पटाखा फैक्ट्री में धमाका हुआ। इस फैक्ट्री में फैंसी पटाखे बनाए जाते हैं। इस फैक्ट्री के मालिक गोविंदनाल्लूर के रहने वाले मुथु मानिकम हैं। रविवार की दोपहर में फैक्ट्री में उस समय विस्फोट हो गया जब कारिगर पटाखों की लड़ियां पिरोने का काम कर रहे थे।
पहले भी हुआ था विस्फोट
इससे पहले फरवरी 2026 में आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में भी एक पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था। इस हादसे में 21 लोगों की जान चली गई थी और 8 लोग घायल हो गए थे। उस दौरान आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने भी घटना पर दुख जताया था। उन्होंने कहा था कि काकिनाडा जिले के वेत्लापलेम गांव में पटाखा निर्माण इकाई में विस्फोट की घटना में कई लोगों की मौत अफसोस जनक है। सीएम नायडू ने उस वक्त पीड़ितों के लिए सहायता का ऐलान किया था। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए 20 लाख रुपए के मुआवजे की भी घोषणा की थी । उन्होंने ये भी कहा था कि घायलों का चिकित्सा खर्च सरकार उठाएगी।
लगातार हो रहे हादसे
आपको बता दें कि देश में तमाम मौकों पर पटाखा फैक्ट्री में धमाकों की वजह से कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। ऐसे में सरकार को इस दिशा में ऐसे सख्त नियम बनाने की आवश्यकता है, जिससे इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।