Vastu tips for summer: नौतपा की शुरुआत होते ही उत्तर और मध्य भारत में गर्मी का असर तेजी से बढ़ गया है। तेज धूप और लू से लोग परेशान हैं। ऐसे में जहां लोग गर्मी से बचने के लिए कूलर और एसी का इस्तेमाल कर रहे हैं, वहीं वास्तु शास्त्र और ज्योतिष में कुछ ऐसे पौधों का भी जिक्र मिलता है जो घर को प्राकृतिक रूप से ठंडा रखने में मदद करते हैं। मान्यता है कि ये पौधे घर में सकारात्मक ऊर्जा लाने के साथ बुध और राहु दोष को भी शांत करते हैं।
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार हरे पौधों का संबंध बुध ग्रह से माना जाता है, जबकि घर में नकारात्मक ऊर्जा और अचानक आने वाली परेशानियों को राहु से जोड़ा जाता है। ऐसे में नौतपा के दौरान कुछ खास पौधे घर में लगाना शुभ माना जाता है।
पुदीना का पौधा
मिंट गर्मी के दिनों में काफी फायदेमंद माना जाता है। इसकी खुशबू घर की हवा को ताजा और ठंडा बनाए रखने में मदद करती है। वास्तु शास्त्र के अनुसार पुदीना घर की नकारात्मक ऊर्जा को दूर करता है और राहु दोष को शांत करने में सहायक माना जाता है। अगर घर में तनाव या क्लेश बना रहता हो तो इसे उत्तर या पूर्व दिशा में लगाना शुभ माना जाता है।
एलोवेरा का पौधा
एलोवेरा एक औषधीय पौधा है जो कम पानी में भी आसानी से बढ़ता है। यह रात में भी ऑक्सीजन छोड़ता है और घर की हवा में नमी बनाए रखने में मदद करता है। ज्योतिष के अनुसार एलोवेरा बुध ग्रह को मजबूत करता है। इसे घर की पूर्व या उत्तर दिशा में रखने से सकारात्मकता बढ़ती है और आर्थिक परेशानियां कम होती हैं।
मनी प्लांट
मनी प्लांट को घर में सुख-समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। इसकी हरी पत्तियां घर में ठंडक और ताजगी का एहसास कराती हैं। वास्तु के अनुसार मनी प्लांट को दक्षिण-पूर्व दिशा में रखना शुभ होता है। मान्यता है कि इससे घर का वास्तु दोष दूर होता है और राहु-केतु के नकारात्मक प्रभाव कम होते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार नौतपा के दौरान इन पौधों को घर में लगाने से वातावरण ठंडा रहने के साथ सकारात्मक ऊर्जा भी बनी रहती है।