Asim Munir Statement:पाकिस्तान के सैन्य प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने एक बार फिर भारत के खिलाप बयानबाजी की है। ऑपेरशन सिंदूर के एक साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भारत ने बिना किसी उकसावे के पाकिस्तान पर हमला किया।
बता दें कि ये कार्यक्रम रावलपिंडी स्थित जनरल हेडक्वार्टर में आयोजित किया गया था। जिसमें पाकिस्तानी वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल जहीर अहमद बाबर सिद्धू और नौसेना चीफ एडमिरल नवीद अशरफ शामिल हुए।
आसिम मुनीर की गीदड़भभकी
आसिम मुनीर ने कहा कि 6 और 7 मई की रात भारत ने पाकिस्तान पर हमला और पाकिस्तान ने पूरी ताकत से पलटवार किया। आसिम मुनीर ने गीदड़भभकी देते हुए कहा कि भविष्य में अगर पाकिस्तान के खिलाफ ऐसी कार्रवाई हुई तो उसका असर बहुत बड़ा और दर्दनाक होगा। मुनीर ने कहा कि यह विचारधाराओं की लड़ाई थी। उन्होंने खोखले दावे करते हुए कहा कि इस लड़ाई में पाकिस्तानी की जीत हुई। मुनीर ने 2001 संसद हमला, 2008 मुंबई हमला, 2017 उरी हमला और 2019 पुलवामा हमले के बाद भारत के हमले को फॉल्स फ्लैग करार दिया।
भारत का रुख स्पष्ट
इससे पहले भारत स्पष्ट कर चुका है कि पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। जिसमें पाकिस्तान के 9 बड़े आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की गई थी। भारत की कार्रवाई में 100 से ज्यादा आतंकी ढेर हुए थे। इसके बाद पाकिस्तान की तरफ से भी हमले हुए, लेकिन भारत ने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों, एयरबेस और रडार साइटों तहस-नहस कर दिया। हालांकि, 10 मई तक हालात ऐसे हो गए थे कि पाकिस्तान ने सीजफायर की अपील की, जिसके बाद सीजफायर का ऐलान किया गया था।