KhabarFast

AI समिट में गड़बड़ी के बाद एक्शन में सरकार, अश्विनी वैष्णव ने माफी मांगते हुए बेहतर व्यवस्था का दिया भरोसा

Parth Jha | 17 Feb, 2026

AI Summit: केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026के पहले दिन हुई भारी भीड़ और लॉजिस्टिकल अव्यवस्था के लिए सोमवार को माफी मांग ली। मंगलवार को भारत मंडपम में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा 'कल (16फरवरी) अगर किसी को भी कोई परेशानी हुई हो, तो हम उसके लिए क्षमा चाहते हैं। हम पूरी कोशिश करेंगे कि यह अनुभव हर किसी के लिए स्मूथ और आनंददायक बने।'

समिट का पहला दिन (16फरवरी) जबरदस्त उत्साह के साथ शुरू हुआ, लेकिन अपेक्षा से कहीं ज्यादा भीड़ के कारण एंट्री पॉइंट्स पर घंटों लंबी कतारें लग गईं। सुरक्षा जांच में बार-बार ओवरलैपिंग, रजिस्ट्रेशन ग्लिच, सीमित सीटिंग और कम्युनिकेशन की कमी ने कई स्टार्टअप फाउंडर्स, टेक प्रोफेशनल्स और अंतरराष्ट्रीय डेलिगेट्स को परेशान किया। कुछ प्रदर्शकों ने स्टॉल खाली करने के बाद कीमती सामान (एआई वियरेबल्स) गायब होने की शिकायत भी की। वाई-फाई और मोबाइल नेटवर्क की समस्या ने माहौल को और बिगाड़ दिया।

अश्विनी वैष्णव ने क्या कहा?

अश्विनी वैष्णव ने स्वीकार किया कि समिट की शुरुआत में कुछ ऑपरेशनल गैप्स रह गए, लेकिन उन्होंने इसे 'दुनिया का सबसे बड़ा एआई समिट' बताते हुए कहा कि रिस्पॉन्स फेनॉमेनल रहा है। उन्होंने बताया कि पहले दिन ही 70,000से ज्यादा लोग पहुंचे, जिसमें स्टार्टअप फाउंडर्स, ग्लोबल टेक कंपनियां, विदेशी डेलिगेट्स और एग्जिबिटर्स शामिल थे।

उन्होंने आगे कहा 'ऊर्जा महसूस की जा सकती है। हम खुले मन से फीडबैक ले रहे हैं और हर सुझाव पर काम कर रहे हैं।' मंत्री ने यह भी बताया कि कल से ही एक वॉर रूम सक्रिय कर दिया गया है, जो 24घंटे काम कर रहा है। टीम दिन-रात जुटकर भीड़ प्रबंधन, एंट्री सिस्टम और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने में लगी है।