Jyoti-Alok Maurya Reunion: उत्तर प्रदेश की बहुचर्चित PCS अधिकारी ज्योति मौर्या और उनके पति आलोक मौर्या के बीच लंबे समय से चल रहा वैवाहिक विवाद आखिरकार सुखद मोड़ लेते हुए समाप्त हो गया है। दोनों अब एक छत के नीचे रहने लगे हैं और परिवार की खुशियों को प्राथमिकता देते हुए पुरानी कड़वाहट भुला चुके हैं।
जानकारी के अनुसार, लगभग तीन साल तक चले पारिवारिक विवाद के बाद दोनों पक्ष बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखकर आपसी समझौते पर पहुंचे हैं। दोनों की दो बेटियां भी हैं, जिनके भविष्य और मानसिक स्वास्थ्य को देखते हुए यह समझौता किया गया है। परिवार के करीबी सूत्र बताते हैं कि बच्चों की खुशी अब दोनों के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता है। बता दें, आलोक मौर्या पंचायती राज विभाग में क्लास-4 कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। वहीं, ज्योति मौर्या वर्तमान में उत्तर प्रदेश में सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) के पद पर तैनात हैं।
क्या है पूरा मामला?
बता दें, यह मामला साल 2023 का है, जो बहुत तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। दरअसल, आलोक मौर्या ने आरोप लगाया था कि उन्होंने अपनी पत्नी ज्योति को PCS अधिकारी बनने के लिए आर्थिक और मानसिक सहयोग दिया, लेकिन सफलता मिलने के बाद ज्योति ने उन्हें छोड़ दिया। इस विवाद में भ्रष्टाचार और अलगाव जैसे गंभीर आरोप-प्रत्यारोप लगे थे, जिससे देशभर में चर्चा छिड़ गई थी। ज्योति मौर्या ने इन आरोपों से इनकार किया था और खुद पर लगे दावों को गलत बताया था।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कानूनी लड़ाई भी चली। आलोक मौर्या ने गुजारा भत्ता की मांग करते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट का रुख किया था, जबकि पहले के चरण में उन्होंने कुछ शिकायतें भी वापस ली थीं। लेकिन अब दोनों ने इन सब विवादों को पीछे छोड़कर नई शुरुआत करने का फैसला लिया है।