KhabarFast

Summer Healthy Drinks: गर्मी में खुद को रखें फिट और हाइड्रेटेड, सेलिब्रिटीज ने बताए हेल्दी समर ड्रिंक्स

Shivani Jha | 23 May, 2026

Summer Healthy Drinks: दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। तेज धूप और बढ़ते तापमान के बीच शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी हो गया है। ऐसे मौसम में लोग अक्सर कोल्ड ड्रिंक का सहारा लेते हैं, लेकिन सेहत के लिए हेल्दी ड्रिंक्स ज्यादा फायदेमंद माने जाते हैं। बॉलीवुड सितारे भी गर्मियों में फिट और तरोताजा रहने के लिए खास घरेलू ड्रिंक्स पीना पसंद करते हैं। कई सेलिब्रिटीज ने अपने पसंदीदा समर ड्रिंक्स की रेसिपी फैंस के साथ शेयर की हैं, जिन्हें घर पर आसानी से बनाया जा सकता है।

राधिका का  खास समर हैक

राधिका ने एक खास समर हैक बताया, जिसे Farah Khan ने भी काफी पसंद किया। राधिका ने धनिया, पुदीना, अदरक, हरी मिर्च, भुना जीरा, नमक और चाट मसाले को पीसकर आइस क्यूब तैयार किए। इन क्यूब्स को नींबू पानी या छाछ में डालकर पीने से स्वाद भी बढ़ता है और शरीर को ठंडक भी मिलती है। फराह खान ने इसे गर्मियों का बेस्ट समर हैक बताया।

नीतू कपूर का प्रोबायोटिक कांजी

वहीं नीतू कपूर ने प्रोबायोटिक कांजी की रेसिपी शेयर की। इसके लिए पके हुए चावल को मिट्टी के बर्तन में पानी के साथ रातभर फर्मेंट होने के लिए रखा जाता है। अगली सुबह इसमें हल्का तड़का लगाकर खाया जाता है। नीतू कपूर के अनुसार यह पेट के लिए फायदेमंद और शरीर को ठंडा रखने वाला हेल्दी नाश्ता है।

अर्चना का खास नींबू पानी

अर्चना पूरन सिंह ने हरा नींबू पानी बनाने की आसान रेसिपी बताई। इसके लिए पुदीने को पानी के साथ पीसकर छान लें। फिर इसमें नींबू का रस, चीनी, काला नमक और भुना जीरा मिलाएं। यह ड्रिंक गर्मी में तुरंत ताजगी देने का काम करता है।

पंकज त्रिपाठी का सत्तू ड्रिंक

पंकज त्रिपाठी का पसंदीदा समर ड्रिंक सत्तू है। उन्होंने बताया कि वह चने के सत्तू में नींबू, धनिया, मिर्च और भुना जीरा मिलाकर पीते हैं। उनके मुताबिक सत्तू शरीर को ठंडक देने के साथ लंबे समय तक ऊर्जा भी देता है। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मियों में घर के बने हेल्दी ड्रिंक्स शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद करते हैं और सेहत भी बेहतर रखते हैं।

 

Also read: शरीर में दिखें ये लक्षण तो समझ जाएं लू लगी है, यहां जानें कैसे करें इसकी पहचान और बचाव के तरीके