IPL 2026 के 19वें सीजन का 54वां लीग मुकाबला 10 मई को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में Royal Challengers Bengaluru और Mumbai Indians आमने-सामने होंगी। आईपीएल में मुंबई और आरसीबी के बीच मुकाबले को हमेशा हाई-वोल्टेज मैच माना जाता है, क्योंकि दोनों टीमों में कई स्टार खिलाड़ी शामिल हैं। इस अहम मुकाबले से पहले मुंबई इंडियंस के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। टीम के स्टार बल्लेबाज Suryakumar Yadav आरसीबी के खिलाफ मैच में खेलते नजर आएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक सूर्यकुमार जल्द ही रायपुर में टीम के साथ जुड़ जाएंगे।
सूर्यकुमार ने संभाली थी कप्तानी
दरअसल, भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव हाल ही में पिता बने हैं। उनकी पत्नी ने एक बेटी को जन्म दिया है। इसी वजह से वह 4 मई को Lucknow Super Giants के खिलाफ मुकाबले के बाद घर लौट गए थे। इसके बाद उनके आरसीबी मैच में खेलने को लेकर संशय बना हुआ था। लखनऊ के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस के नियमित कप्तान Hardik Pandya पीठ में खिंचाव के कारण नहीं खेल पाए थे। ऐसे में सूर्यकुमार यादव ने टीम की कप्तानी संभाली थी।
मुंबई इंडियंस के प्रदर्शन पर असर
अब हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं। बताया जा रहा है कि वह अभी भी पीठ की समस्या से जूझ रहे हैं। उनकी फिटनेस को लेकर फैसला टीम के स्पोर्ट्स मेडिसिन प्रमुख बेन लैंगली और फिजियो नितिन पटेल की रिपोर्ट के बाद लिया जाएगा। हार्दिक ने 8 मई को फिटनेस टेस्ट दिया था और 9 मई को फिर उनकी जांच की जाएगी। मुंबई इंडियंस के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। टीम ने इस सीजन अब तक 10 मैच खेले हैं, जिसमें सिर्फ 3 में जीत मिली है, जबकि 7 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में प्लेऑफ की उम्मीद बनाए रखने के लिए मुंबई को अपने बाकी मैच जीतना बेहद जरूरी है। अब देखना होगा कि सूर्यकुमार की वापसी और हार्दिक की फिटनेस मुंबई इंडियंस के प्रदर्शन पर कितना असर डालती है।