KhabarFast

राजा रघुवंशी हत्याकांड...सोनम रघुवंशी को मिली जमानत, शिलांग छोड़ने पर रोक सहित सख्त शर्तें

Shivani Jha | 28 Apr, 2026

Raja Raghuvanshi Murder Case: देश में चर्चित  राजा रघुवंशी हत्याकांड  में बड़ा अपडेट सामने आया है। इस मामले में मुख्य आरोपी और राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम रघुवंशी को शिलांग की अदालत से जमानत मिल गई है। हालांकि, कोर्ट ने जमानत के साथ कई सख्त शर्तें भी लगाई हैं। कोर्ट के आदेश के अनुसार, सोनम रघुवंशी शिलांग शहर नहीं छोड़ सकतीं और उन्हें हर दिन थाने में जाकर अपनी हाजिरी देनी होगी। यह शर्तें जांच प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए लगाई गई हैं।

क्या था पूरा मामला?

ये मामला पिछले साल मई महीने का है, जब मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले व्यवसायी राजा रघुवंशी अपनी पत्नी सोनम के साथ हनीमून पर मेघालय के शिलांग गए थे। दोनों की शादी के कुछ ही दिन बाद यह यात्रा हुई थी। 21 मई को दोनों शिलांग पहुंचे थे, लेकिन 26 मई के बाद वे लापता हो गए। इसके बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया। कई दिनों की खोज के बाद 2 जून को राजा रघुवंशी का शव शिलांग की एक गहरी खाई से बरामद किया गया।

हत्या के लिए रची गई थी साजिश

जांच में सामने आया कि इस हत्या की साजिश पहले से रची गई थी। पुलिस के अनुसार, सोनम रघुवंशी का राज कुशवाहा नाम के युवक के साथ संबंध था। इसी वजह से कथित रूप से हत्या की योजना बनाई गई। पुलिस का कहना है कि इस मामले में कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें से तीन आरोपियों को पहले ही जमानत मिल चुकी है। सोनम को बीते साल 9 जून को Ghazipur से गिरफ्तार किया गया था।

जांच में सामने आया मामला

जांच रिपोर्ट के मुताबिक, हत्या में आकाश सिंह राजपूत, विशाल सिंह चौहान और आनंद कुर्मी का भी नाम सामने आया था। आरोप है कि राजा की हत्या सोनम की मौजूदगी में की गई थी। यह मामला सामने आने के बाद पूरे देश में काफी चर्चा हुई थी और लोगों में आक्रोश भी देखा गया था। अब जमानत मिलने के बाद यह केस एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। फिलहाल मामला अदालत में विचाराधीन है और आगे की सुनवाई में जांच एजेंसियां अपने सबूत पेश करेंगी। अदालत ने साफ किया है कि जांच पूरी होने तक सोनम पर सभी शर्तें लागू रहेंगी।

Also read: 'खेल तुमने शुरू किया, खत्म हम...', TMC उम्मीदवार जहांगीर खान ने IPS अजय पाल शर्मा को दी खुली चेतावनी