KhabarFast

Punjab News: मोगा में मौजूदा सरपंच की भरे बाजार में गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत का माहौल

Parth Jha | 06 Mar, 2026

Punjab News: पंजाब के मोगा जिले के बाघापुराना में शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे उस समय सनसनी फैल गई जब भरे बाजार में अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक जिम संचालक और गांव पत्तो हीरा सिंह के मौजूदा सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान हरपिंदर सिंह हैप्पी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

जानकारी के अनुसार हरपिंदर सिंह बाघापुराना-कोटकपूरा रोड स्थित सूजन जिम के संचालक भी थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह वह अपनी थार गाड़ी में जिम पर पहुंचे थे। जैसे ही वह गाड़ी से नीचे उतरे, उसी दौरान फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार 4-5 हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में हरपिंदर सिंह हैप्पी को करीब 6-7 गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, इनको पहले भी थ्रेट कल आई थी और इनके पास बुलेट प्रूफ गाड़ी भी है। आज दूसरी गाड़ी में आए तो हमलवारों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। हरपिंदर सिंह गांव पत्तो हीरा सिंह के आजाद उम्मीदवार से चुनाव जीत कर सरपंच बने थे।

आरोपी की तालाश में पुलिस की छापेमारी

मामले संबंधी जानकारी देते हुए बाघापुराना थाना के एसएचओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक कुछ हमलावरों की पहचान कर ली गई है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।