KhabarFast

Punjab News: फरीदकोट में महिला एएसआई की दरिंदगी, पोती को हाथ-पैर बांधकर गेट से बांधा, पुलिस विभाग ने किया सस्पेंड

Parth Jha | 16 Apr, 2026

Punjab News: पंजाब के फरीदकोट स्थानीय डोगर बस्ती इलाके में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एक महिला एएसआई ने अपनी 5 साल की पोती के साथ क्रूरता की हदें पार कर दीं। बताया जा रहा है कि महिला ने बच्ची के हाथ-पैर बांधकर उसे घर के बाहर गेट से कई घंटों तक धूप में बांधकर रखा। यह महिला एएसआई सरबजीत कौर थाना सदर में महिला मित्र के रूप में तैनात है। जैसे ही इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। एसएसपी फरीदकोट डॉ. प्रज्ञा जैन ने गंभीर नोटिस लेते हुए उक्त महिला एएसआई को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए।

जानकारी के अनुसार, जब पड़ोसियों को इस घटना के बारे में पता चला तो उन्होंने घर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से किसी ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने खुद बच्ची को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन महिला बाहर आकर बच्ची को उठाकर अंदर ले गई। इस मामले को लेकर इलाके के लोगों में भारी रोष है और वे सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, बाल कल्याण समिति ने भी इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

Also read: Punjab News: अमृतसर में चली सरेआम गोलियां, युवक की हत्या

महिला एएसआई किया सस्पेंड

डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और महिला एएसआई सरबजीत कौर को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्ची के माता-पिता पुर्तगाल गए हुए हैं और उक्त महिला एएसआई ही उसकी देखभाल कर रही थी।बच्ची के साथ हुई इस तरह की घटना पूरी तरह अस्वीकार्य है और पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए मामला बाल कल्याण समिति को भेज दिया है।