KhabarFast

हरियाणा के रोहतक में पुलिस ने सुलझाया ब्लाइंड मर्डर केस, शराब के नशे में बहस बनी हत्या की वजह

Parth Jha | 29 May, 2026

HARYANA NEWS: हरियाणा के रोहतक की सीआईए-1 (CIA-1) टीम ने नई अनाज मंडी के पीछे हुए एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी को सुलझाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गत 6 मई को पुलिस को अनाज मंडी के पीछे एक अज्ञात युवक का शव मिला था, जिसकी गर्दन पर वार किए गए थे और पेट की आंतें बाहर निकली हुई थीं। शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस के लिए यह मामला पूरी तरह ब्लाइंड था। तफ्तीश के दौरान पुलिस ने सबसे पहले मृतक की पहचान मोहित उर्फ मेरिंडा के रूप में की।

इसके बाद मामले को सुलझाने के लिए पुलिस टीम ने 70 से ज्यादा इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और वारदात में इस्तेमाल एक संदिग्ध इलेक्ट्रिक ऑटो का सुराग लगाकर पूरे शहर के ऑटो में से उसे ढूंढ निकाला। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने यूपी के बरेली निवासी अभय, बिहार के राजन, यूपी के सीतापुर निवासी कृष्ण को पुराना शुगर मिल चौक से और चौथे आरोपी अर्जुन को शिवाजी चौक से दबोच लिया।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वारदात वाली रात ये सभी एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। नशे की हालत में इनके बीच किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी और झगड़ा हो गया, जिसके बाद आरोपियों ने चाकू से गोदकर मोहित की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों का मृतक से पहले का कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, फॉरेंसिक जांच के लिए वारदात के वक्त पहने हुए कपड़े और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। इसके अलावा, आरोपी अर्जुन की गिरफ्तारी के वक्त उसके पास से एक अवैध देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।