Hydrogen Bike: दुनिया भर में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग के बीच अब ऑटो कंपनियां हाइड्रोजन तकनीक पर तेजी से काम कर रही हैं। Toyota ने हाल ही में एक नए हाइड्रोजन फ्यूल सेल स्कूटर का पेटेंट कराया है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में यह तकनीक टू-व्हीलर बाजार में बड़ा बदलाव ला सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह नया स्कूटर Suzuki Burgman 400 के पुराने प्रोटोटाइप पर आधारित है। टोयोटा और Suzuki पहले से छोटे वाहनों के लिए हाइड्रोजन तकनीक विकसित करने पर साथ काम कर रहे हैं।
क्या है इसकी खासियत?
इस स्कूटर की सबसे बड़ी खासियत इसका स्वैपेबल हाइड्रोजन टैंक होगा। यह सिस्टम काफी हद तक इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी स्वैप तकनीक जैसा होगा। यानी यूजर खाली टैंक निकालकर आसानी से भरा हुआ टैंक लगा सकेगा। इससे बार-बार फ्यूल स्टेशन पर लंबी लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। टोयोटा ने इस हाइड्रोजन टैंक को स्कूटर के फ्लोरबोर्ड यानी पैरों वाली जगह पर फिट किया है। इससे इसे बदलना आसान और सुरक्षित दोनों होगा। कंपनी टैंक बदलने के लिए दो अलग-अलग तकनीकों की टेस्टिंग भी कर रही है। इनमें एक साइड से खुलने वाला सिस्टम और दूसरा कैंची जैसे मैकेनिज्म वाला सिस्टम शामिल है।
प्रदूषण से मिलेगा छुटकारा
इस हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इससे प्रदूषण नहीं होगा। स्कूटर से धुआं नहीं निकलेगा, बल्कि साइलेंसर से सिर्फ पानी की बूंदें बाहर आएंगी। इसलिए इसे पूरी तरह इको-फ्रेंडली माना जा रहा है। टोयोटा के अलावा TVS Motor और Bajaj Auto जैसी भारतीय कंपनियां भी हाइड्रोजन टू-व्हीलर तकनीक पर काम कर रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इलेक्ट्रिक स्कूटरों की भारी बैटरियों की तुलना में हाइड्रोजन स्कूटर हल्के हो सकते हैं, जिससे इन्हें चलाना आसान होगा। हालांकि यह तकनीक अभी शुरुआती दौर में है, इसलिए शुरुआत में इसकी कीमत ज्यादा हो सकती है। फिर भी माना जा रहा है कि आने वाले वर्षों में हाइड्रोजन स्कूटर भविष्य की बड़ी तकनीक बन सकते हैं।