KhabarFast

बंगाल में आज हो सकता है नए मुख्यमंत्री का ऐलान, बीजेपी विधायक दल की बैठक पर टिकी निगाहें

Shivani Jha | 08 May, 2026

BJP MLA Meeting: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद भारतीय जनता पार्टी राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगा सकती है। बीजेपी विधायक दल की बैठक और केंद्रीय नेतृत्व के मंथन के बीच सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि आखिर बंगाल की कमान किसे सौंपी जाएगी। क्या पार्टी Suvendu Adhikari पर भरोसा जताएगी या फिर किसी नए चेहरे को आगे लाकर बड़ा राजनीतिक संदेश देगी।

पश्चिम बंगाल पहुंचेंगे मंत्री अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को पश्चिम बंगाल पहुंचेंगे। कोलकाता में वे बीजेपी के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ अहम बैठक करेंगे। इस बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा। अमित शाह के साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री Mohan Charan Majhi भी शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि बैठक शाम करीब 4 बजे होगी।

नई सरकार के गठन का रास्ता साफ

यह घटनाक्रम ऐसे समय में हो रहा है जब पश्चिम बंगाल के राज्यपाल R. N. Ravi ने विधानसभा का कार्यकाल पूरा होने के बाद उसे भंग कर दिया है। कोलकाता गजट में जारी अधिसूचना के अनुसार बीजेपी की बड़ी जीत के बाद नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी इस बार बंगाल में दो उपमुख्यमंत्री बना सकती है। इनमें एक महिला नेता को डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा सबसे ज्यादा है। पार्टी इसके जरिए महिला और सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश कर सकती है।

जनता चाहती है बदलाव

बीजेपी सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने दावा किया कि बंगाल के इतिहास में पहली बार कोई “हिंदू हृदय सम्राट” मुख्यमंत्री बनेगा। उन्होंने कहा कि टीएमसी सरकार के दौरान राज्य की स्थिति खराब हो गई थी और अब जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटे में बंगाल में “नया सूरज” उगेगा।

नई सरकार के स्वागत की तैयारियां शुरू

वहीं, नई सरकार के स्वागत की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा भवन में रंग-रोगन, सफाई और मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है। मुख्यमंत्री, स्पीकर और मंत्रियों के कमरों को भी नए रूप में तैयार किया जा रहा है। इस बीच शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर अमित शाह का स्वागत करते हुए उन्हें “आधुनिक चाणक्य” बताया। उन्होंने कहा कि बीजेपी की ऐतिहासिक जीत अमित शाह की रणनीतिक सोच और प्रधानमंत्री नरेंद्र  मोदी के नेतृत्व का परिणाम है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि बंगाल अब “सोनार बांग्ला” बनने की दिशा में आगे बढ़ने को तैयार है।

Also read: केरल कांग्रेस में सीएम चेहरे को लेकर मंथन तेज, खरगे को आज सौंपी जाएगी रिपोर्ट