KhabarFast

ईंधन संकट से निपटने के लिए नेपाल का नया फॉर्मूला, सरकार ने घटाए कामकाजी दिन

Parth Jha | 05 Apr, 2026

Nepal Fuel Crisis: नेपाल सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति में आने वाली दिक्कतों और ईंधन खपत कम करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कैबिनेट की बैठक में रविवार को फैसला लिया गया कि अब सभी सरकारी कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में शनिवार और रविवार को सप्ताह में दो दिन की छुट्टी रहेगी। यह व्यवस्था सोमवार से लागू हो जाएगी। 

पेट्रोलियम आपूर्ति बनी चुनौती 

सरकार की प्रवक्ता और शिक्षा मंत्री सस्मिता पोखरेल ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए बताया कि यह कदम पेट्रोलियम आपूर्ति की चुनौतियों से निपटने और बढ़ते व्यापार घाटे को नियंत्रित करने के लिए उठाया गया है। साथ ही आर्थिक मितव्ययिता बढ़ाने और ईंधन की बचत के लक्ष्य को ध्यान में रखा गया है। सरकारी कार्यालयों के लिए कामकाजी समय भी तय कर दिया गया है सुबह ९ बजे से शाम ५ बजे तक। हालांकि, स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों पर यह नया टाइमिंग लागू नहीं होगा।

बता दें, वैश्विक स्तर पर मध्य पूर्व में तनाव के कारण ईंधन की कीमतें बढ़ने और आपूर्ति प्रभावित होने के चलते नेपाल सरकार ने यह कदम उठाया है। नेपाल ऑयल कॉरपोरेशन (एनओसी) पहले ही पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर चुका है और देश में ईंधन की मांग को नियंत्रित करने की कोशिशें चल रही हैं।

इस फैसले का असर

1. सरकारी कार्यालय, बैंक, अदालतें और स्कूल शनिवार-रविवार को बंद रहेंगे।

2. आम नागरिकों को सप्ताहांत पर ज्यादा आराम मिलेगा, लेकिन सरकारी सेवाओं में कुछ बदलाव आएगा।

3. ईंधन की बचत के अलावा पर्यावरण संरक्षण और ट्रैफिक कम होने से प्रदूषण भी घटने की उम्मीद है।